केरल : रेस्तरां से एलपीजी सिलेंडर चोरी, किल्लत बढ़ी

तिरुवनंतपुरम, पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण देश में एलपीजी की बढ़ती कमी के बीच यहां चाला बाजार क्षेत्र में एक होटल से बृहस्पतिवार को देर रात 19 किलोग्राम का वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडर कथित रूप से चोरी हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार को देर रात करीब दो बजे चाला बाजार स्थित वीएस होटल से रसोई गैस सिलेंडर चोरी होने की सूचना मिली। वीएस होटल के मालिक विमल कुमार ने ‘‘पीटीआई-भाषा’’ को बताया कि आरोपी रसोई क्षेत्र का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा और भरा हुआ एलपीजी सिलेंडर लेकर फरार हो गया।
एलपीजी सिलेंडर चोरी से होटल बंद होने की नौबत
विमल कुमार ने कहा, “रसोई का दरवाजा दुकान के सामने वाले हिस्से में है। अंदर घुसने के बाद उसने सीसीटीवी कैमरे को बंद करने के लिए बिजली आपूर्ति काट दी, लेकिन कैमरा यूपीएस से जुड़ा हुआ था।” कुमार के अनुसार जब आरोपी को पता चला कि सीसीटीवी कैमरा अब भी काम कर रहा है, तो उसने कैमरे की दिशा बदल दी।
विमल कुमार ने बताया, “रसोई में तीन सिलेंडर थे। दो इस्तेमाल में थे और एक भरा हुआ सिलेंडर था। आरोपी भरा हुआ सिलेंडर लेकर चला गया।” एलपीजी की कमी और चोरी की घटना के कारण होटल को अपना परिचालन बंद करना पड़ा है। कुमार ने कहा, “अभी हमारे पास एलपीजी सिलेंडरों का सीमित स्टॉक है। शुक्रवार को केवल बिरयानी बनाई गई। शनिवार से होटल बंद करना पड़ रहा है क्योंकि गैस खत्म हो गई है और नए सिलेंडर उपलब्ध नहीं हैं।”
विमल कुमार ने बताया कि इस संबंध में फोर्ट पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है और घटना के सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंप दिए गए हैं। कुमार ने कहा, “हमें एक अन्य रेस्तरां की संलिप्तता का संदेह है, जिसका हमारे साथ प्रतिस्पर्धा है। हालांकि मामले की जांच पुलिस करेगी।” (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



