उत्साह के साथ मनाया गया खालसा साजना दिवस

हैदराबाद, गुरुद्वारा साहब अमीरपेट प्रबंधक समिति के तत्वावधान में खालसा साजना दिवस (खालसा पंथ स्थापना दिवस या बैसाखी) उत्साह के साथ मनाया गया। अमीरपेट स्थित श्री गुरु गोबिंद सिंहजी खेल मैदान में गुरुद्वारा साहब अमीरपेट प्रबंधक समिति के तत्वावधान में आयोजित विशाल दीवान (सामूहिक समागम) में बड़ी संख्या में सिख श्रद्धालुओं और अन्य सामुदायिक धर्मों के लोगों ने भाग लिया।

अवसर पर भाई एस. तेजिंदर सिंह खन्ना वाले, भाई सतिंदर पाल सिंह जगादरी वाले, ज्ञानी पृथपाल सिंह पटियाला, भाई एस. वीर सिंह (हैदराबाद) सहित अन्य प्रतिष्ठित रागी जत्थों ने पवित्र गुरबानी कीर्तन और कथाओं का गायन किया। इसमें दैनिक जीवन में उच्च मूल्यों को आत्मसात करने पर जोर देते हुए खालसा पंथ की स्थापना कैसे हुई, इसकी सभी को जानकारी दी।

खालसा साजना दिवस: नगर कीर्तन और रात्रि समागम की भव्य झलक

प्रचारकों ने श्रद्धालुओं से गुरु ग्रंथ साहिबजी की शिक्षाओं का पालन करने का आह्वान किया, जो राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। साथ ही सम्पूर्ण मानवता के लिए सांप्रदायिक सद्भाव, भाईचारे और शांति की कामना की गई।

गुरुद्वारा साहिब अमीरपेट प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष एस. दर्शन सिंह और महासचिव एस. सुरेन्द्र सिंह ने राज्य के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालुओं का स्वागत किया। समागम के समापन के पश्चात श्रद्धालुओं द्वारा विशेष रूप से तैयार किया गया पारंपरिक गुरु-का-लंगर (निशुल्क सामुदायिक रसोई) सभी श्रद्धालुओं को परोसी गई, जिसका धर्मप्रेमियों ने लाभ लिया।

शाम के समय रंगारंग नगर कीर्तन (पवित्र जुलूस) गुरुद्वारा साहेब अमीरपेट से निकाला गया, जिसमें गुरु ग्रंथ साहिबजी को निशान साहेबान के साथ सुसज्जित वाहन पर आरूढ़ किया गया। साथ ही पुरुषों, महिलाओं और युवा समूहों के कीर्तनी जत्थों द्वारा शबद कीर्तन प्रस्तुत किए गए। कलगीधर दशमेश जत्थे द्वारा पंज प्यारों और सिख युवकों ने तलवारों और धारदार हथियारों के साथ गटका मार्शल आर्ट का प्रदर्शन किया।

नगर कीर्तन मुख्य गलियारों ग्रीनलैंड्स, बेगमपेट, पंजागुट्टा होते हुए वापस गुरुद्वारा साहेब अमीरपेट पर संपन्न हुआ। मार्ग में श्रद्धालुओं और राहगीरों को कड़ा प्रसाद, चाय और नाश्ते की व्यवस्था की गई। समिति द्वारा सोमवार, 14 अप्रैल को रात 9 से 1.30 बजे के बीच गुरु गोबिंद सिंहजी स्पोर्ट्स स्टेडियम, अमीरपेट में वैसाखी रैन सभाई कीर्तन दरबार (रात्रि समागम) का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रतिष्ठित रागी जत्थे शबद कीर्तन प्रस्तुत करेंगे। समिति ने सभी धर्म प्रेमियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आग्रह किया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button