अमेरिका में मारी गई निकिता गोडिशाला का हैदराबाद में अंतिम संस्कार
हैदराबाद, अमेरिका में कथित तौर पर मारी गईं निकिता गोडिशाला का शुक्रवार को यहां अंतिम संस्कार किया गया और उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए परिवार और मित्रगण एकत्र हुए।
परिवार से जुड़े सूत्रों के अनुसार, 27 वर्षीय निकिता गोडिशाला का अंतिम संस्कार यहां मार्रेडपल्ली स्थित श्मशान घाट में किया गया। निकिता गोडिशाला स्वास्थ्यकर्मी थीं और उनके परिवार ने आठ दिसंबर को एक बयान में कहा था कि अंतिम संस्कार निजी तौर पर किया जाएगा। साथ ही परिवार ने पुलिस सुरक्षा की मांग की थी।
परिवार ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मीडिया से अपील की कि वे ‘‘जिम्मेदारी भरी पत्रकारिता करें, अपुष्ट जानकारी प्रकाशित करने से बचें और जांच में सहयोग करें’’ ताकि पूरी गरिमा के साथ न्याय मिल सके।
अमेरिका के एलिसॉट सिटी की रहने वाली निकिता गोडिशाला (27) दो जनवरी को लापता हो गई थीं। हॉवर्ड काउंटी पुलिस ने बताया कि वह मैरीलैंड के कोलंबिया स्थित अपने पूर्व रूममेट अर्जुन शर्मा (26) के अपार्टमेंट में मृत पाई गई थीं और शव पर चाकू के निशान थे।
अमेरिकी पुलिस ने अर्जुन शर्मा के खिलाफ हत्या के आरोप में गिरफ्तारी वारंट प्राप्त कर लिया है। पुलिस का आरोप है कि शर्मा ने उनकी हत्या की और भारत भाग गया। गोडिशाला परिवार यहां तारनाका में रहता है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



