केटीआर ने बजट सत्र में नगर विकास और रणनीति पर दिए निर्देश
हैदराबाद, भारत राष्ट्र समिति (भारास) कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मंत्री कल्वाकुंट्ला तारक रामाराव ने विधानसभा के बजट सत्र में हैदाबाद की जनसमस्याओं को पुरजोर तरीके से उठाने तथा जीएचएमसी चुनाव में अपनायी जाने वाली रणनीति को लेकर पार्टी के नगर जनप्रतिनिधियों के साथ गहन चर्चा की और भावी रणनीति पर दिशा निर्देश दिए।
केटीआर ने नगर के तीन कॉर्पोरेशनों जीएचएमसी, मल्काजगिरी कॉर्पोरेशन व साइबराबाद कॉर्पोरेशन में सभी नेताओं के साथ समन्वय बनाने के लिए तीन मुख्य नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी, जिसमें जीएचएमसी की जिम्मेदारी विधान परिषद सदस्य डॉ. दासोजू श्रवण व विधान परिषद सदस्य करने प्रभाकर, मल्काजगिरी कॉर्पोरेशन की जिम्मेदारी विधान परिषद सदस्य शांभीपुर राजू व साइबराबाद कॉर्पोरेशन की जिम्मेदारी विधान परिषद सदस्य पोचमपल्ली श्रीनिवास रेड्डी को मिली।
केटीआर ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पर आरोप लगाते हुए कहा कि हैदराबाद की जनता ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को एक भी सीट पर नहीं जिताया है इसलिए मुख्यमंत्री नगर की जनता के साथ बदले की भावना से पेश आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर की उपेक्षा इससे समझी जा सकती है कि शहर में साफ-सफाई नहीं है, सड़कों की हालत जर्जर है, बिजली कटौती, पेयजलापूर्ति की समस्या के अलावा कई समस्याएं हैं जिससे जनता परेशान है।
केटीआर ने रेवंत रेड्डी पर रिश्वत और लाभार्थियों का आरोप लगाया
केटीआर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी का केवल अपने रिश्तेदारों व नजदीकियों को आर्थिक लाभ पहुंचाने पर ध्यान है जिसके चलते भ्रष्टाचार, स्कैम, भूमियों के कब्जे आदि बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मच्छरों की समस्या तक यह सरकार दूर नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि हैदराबाद नगर की उपेक्षा करके रियल एस्टेट व्यापार के लिए फ्यूचर सिची को प्रमोट किया जा रहा है ताकि उनके रिश्तेदारों व नजदीकियों को लाभ हो।
यह भी पढे़: हर प्रश्न का केसीआर ने स्पष्ट जवाब दिया : केटीआर
केटीआर ने अन्य विषयों पर विचार साझा किए और नगर के विधायकों, विधान परिषद सदस्यों आदि को सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन करने की रणनीति भी बताई। अवसर पर विधानसभा में भारास सचेतक के.पी. विवेकानंद गौड़, एमएलसी डॉ. दासोजू श्रवण, वाणी देवी, पूर्व मंत्री व विधायक पी. सबिता इंद्रा रेड्डी, पूर्व मंत्री व विधायक मल्ला रेड्डी, विधायक मुठा गोपाल, विधायक सुधीर रेड्डी, विधायक मर्री राजशेखर रेड्डी, विधायक कालेरू वेंकटेश, मागंटी सुनीता, टी. श्रीनिवास यादव आदि उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



