राजनीतिक सफलता में लंबाड़ा समुदाय की महती भूमिका : रेवंत रेड्डी

हैदराबाद, मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने कहा कि हाल ही में सम्पन्न नगर पालिका चुनावों में कांग्रेस पार्टी ने लगभग 90 प्रतिशत सीटों पर जीत हासिल की है। यह चुनाव परिणाम जनता की सरकार के प्रदर्शन को दर्शाते हैं और भविष्य में सरकार इससे प्रेरित होकर गरीबों के सशक्तिकरण के लिए और अधिक मेहनत करेगी।

मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी रविवार को हैदराबाद में संत सेवालालजी महाराज के जयंती कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वे चुनाव जीतने पर अत्यधिक उत्साहित होने और हार में निराश होने की मानसिकता नहीं रखते, बल्कि हमेशा चुनाव लड़ते हैं और जनता के लिए निरंतर काम करते हैं। विपक्ष के नेता कांग्रेस की जीत को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। वे राज्य की राजनीतिक वास्तविकता को मानने के लिए तैयार ही नहीं हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने कभी शासक की तरह व्यवहार नहीं किया, बल्कि हमेशा जनता के सेवक के रूप में काम किया है और अगले 20 वर्षों तक सक्रिय रहकर जनता की सेवा करते रहेंगे।

नेने राजू नेने मंत्री(मैं ही राजा, मैं ही मंत्री) संबंधी अपने बयान पर विपक्ष की आलोचना का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह टिप्पणी मुख्यमंत्री तथा नागरिक प्रशासन मंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारियों को ध्यान में रखते हुए की थी। उन्होंने साफ किया कि नगर पालिका चुनावों की घोषणा के बाद उनके पास नागरिक प्रशासन एवं शहरी विभाग थे, इसलिए उन्होंने चुनाव परिणामों की जिम्मेदारी ली।

20 वर्ष की राजनीति में लांबाड़ा समुदाय का योगदान

मुख्यमंत्री ने अपने 20 वर्ष के राजनीतिक जीवन को याद करते हुए कहा कि हर चुनाव में उनकी जीत में लांबाड़ा समुदाय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। एक जेडपीटीसी सदस्य से राज्य के मुख्यमंत्री बनने तक की उनकी राजनीतिक यात्रा में इस समुदाय का विशेष योगदान रहा है। उन्होंने घोषणा की कि नल्लामल्ला वन क्षेत्र में 20 एकड़ भूमि पर संत सेवालालजी महाराज की विशाल प्रतिमा स्थापित की जाएगी और अगली जयंती भव्य रूप से मनायी जाएगी।

जनजातीय परंपराओं का कड़ाई से पालन करते हुए सभी निर्माण कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि संत सेवालालजी महाराज ने मानवता को शांति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी और देश के लगभग 15 करोड़ लांबाड़ा समुदाय के लिए मार्गदर्शक के रूप में खड़े रहे। तेलंगाना सरकार इस बात को ध्यान में रखते हुए सेवालालजी की जयंती को आधिकारिक रूप से मना रही है। उन्होंने कहा कि तेलंगाना आंदोलन में लांबाड़ा समुदाय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और सुरेश नायक एवं कविता नायक ने अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने घोषणा की कि सभी आदिवासी तांडों में बीटी सड़कें बनाई जाएंगी और जनजातीय बस्तियों में सरकारी स्कूल, ग्राम पंचायत भवन, पानी के टैंक तथा पेयजल आपूर्ति के लिए सोलर पंप सेट की सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

यह भी पढ़ें… सीएम से मिले वड्डेपल्ली के एआईएफबी पार्षद

मिशन भागीरथ से पेयजल आपूर्ति पर फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि मिशन भागीरथ के माध्यम से कई ग्रामीण बस्तियों में सुरक्षित पेयजल की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जा सकी, लेकिन अब सरकार इस योजना पर काम कर रही है। सरकार राशन कार्ड जारी कर रही है और राशन कार्ड धारकों को उत्तम गुणवत्ता के चावल दिये जा रहे हैं। सरकार 50 लाख गरीब घरों को 200 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध करा रही है। पिछले दो वर्षों में महिलाओं के लिए आरटीसी बसों में मुफ्त यात्रा पर 9000 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए 1000 करोड़ रुपये की लागत से सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने छात्रावासों में मेस और कॉस्मेटिक शुल्क भी बढ़ाए हैं। चूंकि सरकार के पास गरीबों में वितरित करने के लिए भूमि उपलब्ध नहीं है, इसलिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही है। जनजातीय विद्यार्थियों को प्रेरित करने के लिए इस समुदाय के सक्षम अधिकारियों की भर्ती की गई है, ताकि वे योजनाबद्ध तरीके से पढ़ाई कर सकें। सीएम ने बताया कि 20,000 करोड़ रुपये की लागत से 100 विधानसभा क्षेत्रों में यंग इंडिया स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने चिंता व्यक्त की कि शिक्षा के अभाव के कारण लोग गरीबी से जूझ रहे हैं। सरकार सभी को जीवन में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए तैयार है। सरकार एससी वर्गीकरण के मुद्दे पर भी समाधान के लिए प्रयासरत है। राज्य की आबादी में एससी समुदाय की हिस्सेदारी 15 प्रतिशत है, जबकि उन्हें 30 प्रतिशत पद प्रदान किए गए हैं। एससी समुदाय को चार मंत्री पद और विधानसभा अध्यक्ष का पद दिया गया है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button