राज्यभर में 99 दिवसीय ग्राम सभा कार्यक्रम का शुभारंभ
हैदराबाद, सरकार के प्रतिष्ठात्मक 99 दिवसीय कार्यक्रम प्रजापालना-प्रगति प्रणालिका के तहत राज्यभर में गुरुवार शुरू हुई ग्राम सभाएँ सफलतापूर्वक आयोजित की गईं। ग्राम पंचायतों व नगर पालिकाओं में संपन्न इस कार्यक्रम में विधान परिषद अध्यक्ष गुत्ता सुखेंदर रेड्डी, विधानसभा अध्यक्ष प्रसाद कुमार सहित मंत्रियों, सरकार के मुख्य सचिव रामकृष्ण राव, स्थानीय विधायक व विधान परिषद सदस्य तथा अन्य स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इन ग्राम सभाओं के अंतर्गत रंगारेड्डी, खम्मम, भद्राद्री कोत्तागूड़ेम, संगारेड्डी, नारायणपेट जिलों में एक-एक मंडल में एकीकृत भू-भारती पोर्टल का उद्घाटन किया गया। सर्वप्रथम ग्राम सभाओं में सीएम रेवंत रेड्डी का संदेश पढ़कर सुनाया गया, तत्पश्चात सरकार द्वारा लागू की जा रही विभिन्न विकास व कल्याण योजनाओं से जनता को अवगत किया गया। यह कार्यक्रम राज्यभर में लगभग 12,700 ग्राम पंचायतों और 110 नगर पालिकाओं में हुए।
यह भी पढ़ें… रेवंत रेड्डी के बयान से रिश्तों में खटास की आशंका
इस 99 दिवसीय कार्यक्रम के तहत 6 से 11 अप्रैल तक स्वास्थ्य, 13 से 18 अप्रैल तक सड़क सुरक्षा, 20 से 25 अप्रैल तक कल्याण योजनाओं, 27 अप्रैल से 2 मई तक बच्चों की सुरक्षा और नो-ड्रग्स का प्रचार, 4 से 9 मई तक किसान कल्याण, 11 से 16 मई तक शिक्षा व रोजगार, 18 से 23 मई तक युवा पीढ़ी को खेलों में प्रोत्साहन, 25 से 30 मई तक महिला-शिशु कल्याण और 1 से 12 जून तक पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम से जनता को अवगत कराया जाएगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



