राज्य में नहीं बढ़ा है शराब का उपभोग : जूपल्ली कृष्णाराव
हैदराबाद, आबकारी एवं पर्यटन मंत्री जूपल्ली कृष्णाराव ने राज्य में शराब की खपत और उपभोग में वृद्धि से इनकार करते हुए कहा कि न ही उपभोग में वृद्धि हुई है और न ही शराब से होने वाली आय में अधिक वृद्धि हुई है। विधानसभा में अनुदान मांगों पर चर्चा में सदस्यों द्वारा उठाए गये मुद्दों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जूपल्ली ने कहा कि बीआरएस के कार्यकाल में शराब से होने वाली आय में 248 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी, लेकिन कांग्रेस के दो वर्ष के शासनकाल में इस तरह की वृद्धि नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि यदि कुछ वृद्धि हुई है, तो वह करों में वृद्धि के कारण हुई है।
जूपल्ली ने कहा कि राज्य में जीएसटी वसूली में 4 प्रतिशत वृद्धि हुई है। लक्षित वृद्धि में सफलता न मिलने के कई कारण हैं, जिनमें केंद्र द्वारा करों के स्लैप में किये गये परिवर्तन और कुछ अंतर हैं। सरकार उन कमियों को दूर करने का प्रयास कर रही है। मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार राज्य से वसूले गये करों को वापिस करने में अन्याय और भेदभाव से काम ले रही है। कुछ राज्यों से वसूली से काफी अधिक निधियाँ जारी की जा रही हैं तो तेलंगाना 24 प्रतिशत ही निधियाँ जारी की गयी हैं।
यह भी पढ़ें… सड़कों के विकास व बेहतर आधारभूत संरचना के लिए 15 हजार करोड़ : श्रीधर बाबू
केंद्र से राज्य का अधिकार दिलाने में सहयोग की अपील
जूपल्ली ने भाजपा सदस्यों से अनुरोध किया कि वे केंद्र से राज्य का उचित अधिकार प्राप्त कर निधियाँ लाने में सहयोग करें।अनुदानों की मांगों पर मतदान के पहले दिन चर्चा के बाद आज दस विभागों की अनुदान मांगें मंज़ूर की गयीं। मंत्री जूपल्ली कृष्णा राव ने वाणिज्यकर, पर्यटन एवं आबकारी, कृषि मंत्री तुम्मला नागेश्वर ने कृषि एवं विपणन, वाकटि श्रीहरि ने पशु संवर्धन, अदलुरी लक्ष्णण कुमार ने एससी एसटी कल्याण एवं मंत्री अज़हरुद्दीन ने अल्पसंख्यक विभाग के अनुदान बजट प्रस्ताव रखे और सदस्यों के प्रश्नों के उत्तर दिये।
वाणिज्यिक कर प्रशासन के अंतर्गत अधिकतम 3,76,70,82,000 रुपये, कृषि के अंतर्गत अधिकतम 1,73,24,49,15,000 रुपये, सहकारिता के अंतर्गत अधिकतम 1,58,81,66,000 रुपये, आबकारी प्रशासन के अंतर्गत अधिकतम 4,72,50,07,000 रुपये, पर्यटन, कला और संस्कृति के अंतर्गत अधिकतम 14,17,73,40,000 रुपये, सामाजिक कल्याण के अंतर्गत अधिकतम 3,16,18,51,03,000 रुपये, जनजातीय कल्याण के अंतर्गत अधिकतम 1,60,35,40,50,000 रुपये, पशुपालन एवं मत्स्य पालन के अंतर्गत अधिकतम 15,03,57,47,000 रुपये, खेल एवं युवा सेवाएं के अंतर्गत अधिकतम 7,09,45,89,000 रुपये, अल्पसंख्यक कल्याण के अंतर्गत अधिकतम 37,68,52,83,000 रुपये की राशि मंज़ूर की गयी। अनुदान मांगों को मंज़ूर करने से पहले ही बीआरएस ने मंत्रियों के स्पष्टीकरण पर असंतोष जताते हुए सदन से वॉकआउट किया।
अज़हरुद्दीन का नाम ख़राब कर रही है सरकार : हरीश राव
आम तौर पर विधानसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच खींचतान चलती रहती है, लेकिन आज अनुदान मांगों पर चर्चा के बीच एक अनोखा दृश्य देखने को मिला, जब बीआरएस दल के उपनेता हरीश राव और विधायक कौशिक रेड्डी ने अज़हरुद्दीन की तारीफ की और मंत्री अजहरुद्दीन ने कौशिक रेड्डी की बॉलिंग की तारीफ की। साथ ही हरीश राव ने अज़हरुद्दीन को मज़ाक में चेताते हुए कहा कि सरकार अल्पसंख्यक विभाग के बजट जारी न कर उनकी छवि को खराब कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि एक मंत्री के रूप में वे बने रहे और एमएलसी बने, इसके लिए वे दुआ करते हैं।
दूसरी ओर अज़हरुद्दीन ने पुराने दिन याद करते हुए कहा कि कौशिक रेड्डी तेलंगाना के फास्ट बॉलर थे और वे 140 की स्पीड से बॉलिग करते थे। राष्ट्रीय स्तर पर श्रीनाथ की बॉल पर खेलने के बाद उन्हें लगता कि कौशिक रेड्डी के जैसा तेज़ गेंदबाज़ दूसरी नहीं है। साथ ही अजहरुद्दीन ने विधानसभा में मंत्री के रूप में अपने पहले भाषण में कहा कि वे राजनीति में क्रिकेट की तरह इतनी जल्दी शतक नहीं बना सकते।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



