दो जगह एलपीजी सिलेंडर धमाके, दो झोपड़ियाँ जलकर खाक, चार गंभीर
हैदराबाद, नगर के सीमांत क्षेत्र संगारेड्डी में दो अलग-अलग स्थानों पर एलपीजी गैस सिलेंडरों में हुए धमाकों से अफरा-तफरी मच गई। इन घटनाओं में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो झोपड़ियाँ जलकर पूरी तरह नष्ट हो गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहली घटना में संगारेड्डी के पास कल्वाकुंटला इलाके में एक घर में सिलेंडर फटने से ज़ोरदार धमाका हुआ। हादसे में संगमेश, मल्लम्मा, बिंदु और चिन्ना घायल हो गए। सभी को तत्काल संगारेड्डी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से गंभीर रूप से झुलसने के कारण उन्हें हैदराबाद स्थित गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
बताया गया कि धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मकान की छत तक उड़ गई। घर में एक से अधिक एलपीजी सिलेंडर मौजूद होने के कारण पुलिस अवैध रिफिलिंग के चलते यह हादसा होने का संदेह जता रही है। दूसरी घटना में, जिले के पुलकल मंडल मुख्यालय में भी एक एलपीजी सिलेंडर फटने से दो झोपड़ियाँ जलकर खाक हो गईं।
यह भी पढ़ें… कचरे ने खोला चोरी का राज, मालिक के घर चोरी करने वाला गिरफ्तार
हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, क्योंकि विस्फोट के समय सभी लोग घर से बाहर थे। आग में दोनों परिवारों का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना की सूचना मिलते ही संगारेड्डी के विधायक चिंता प्रभाकर ने घटनास्थल का दौरा करते हुए हालात का जायजा लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



