दिल्ली : पालम में एलपीजी रिफिलिंग गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
नयी दिल्ली, दिल्ली पुलिस ने दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम इलाके में एलपीजी सिलेंडर की जमाखोरी करने और रिफिलिंग गिरोह चलाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि आरोपियों के पास से 45 घरेलू गैस सिलेंडर और एक टेंपो बरामद किया गया है। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अमित गोयल ने बताया कि आरोपियों की पहचान अनार सिंह, सत्यवीर और विकास कुमार के तौर पर हुई है, जो दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों के निवासी हैं। गोयल के मुताबिक, तीनों पर आवासीय क्षेत्र में एलपीजी सिलेंडर के अवैध भंडारण और अवैध तरीके से सिलेंडर में गैस भरने में शामिल होने का आरोप है, जिससे सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो रहा था।
यह भी पढे़: टेक्सास से मंगलुरु पहुंचा अमेरिका का एलपीजी जहाज
गोयल ने बताया कि इस गिरोह का 28 मार्च को उस समय भंडाफोड़ हुआ, जब पालम पुलिस की एक टीम ने सूचना के आधार पर आदर्श गली में एक खाली प्लॉट पर छापा मारा, जहां उसे बड़ी संख्या में भारत गैस कंपनी के सिलेंडर और एक टेंपो खड़ा मिला। गोयल के अनुसार, कुल 45 एलपीजी सिलेंडर, गैस भरने के लिए इस्तेमाल होने वाले तीन उपकरण और वजन तोलने वाली मशीन जब्त की गई है। डीसीपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने सिलेंडर की जमाखोरी के लिए प्लॉट किराये पर लिया था। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



