महावीर डायलिसिस सेंटर : ट्रस्ट ने 18 लाख डायलिसिस सत्र पूरे कर बनाया रिकॉर्ड
हैदराबाद, हैदराबाद जिलाधीश हरिचंदना दासरी ने किंग कोठी स्थित भगवान महावीर डायलिसिस सेंटर में स्थापित सोलर पैनल का उद्घाटन किया।






जिलाधीश ने ट्रस्ट द्वारा चलाये जा रहे डायलिसिस सेंटर का अवलोकन कर सेवाओं की सराहना की। ट्रस्ट के चेयरमैन पी.सी. पारख (आईएएस) ने सभी का स्वागत करते हुए सेंटर द्वारा हाल ही में 18 लाख डायलिसिस पूर्ण किये जाने की जानकारी दी। साथ ही बताया कि हैदराबाद स्थित गैर सरकारी संगठन भगवान महावीर जैन रिलीफ फाउंडेशन ट्रस्ट(बीएमजेआरएफटी) शहर के 16 समान विचारधारा वाले जैन मित्रों द्वारा वर्ष 2009 में स्थापित किया गया, जो कॉर्पोरेट अस्पतालों की तुलना में मात्र 300 रुपये में डायलिसिस की सेवा प्रदान कर रहा है।
ट्रस्ट के आग्रह पर राज्य सरकार ने किंग कोठी स्थित जिला सरकारी अस्पताल में जगह दी, जहाँ पर 24 मशीनों के साथ ट्रस्ट ने अपना पहला अत्याधुनिक डायलिसिस केंद्र खोला। किफायती डायलिसिस की मांग को देखते हुए अन्य अस्पतालों/संस्थानों के साथ सहयोग से 228 डायलिसिस मशीनें स्थापित की गयी हैं, जिनके माध्यम से हर दिन लगभग 600 डायलिसिस सत्र संचालित होते हैं।
यह सेवा हैदराबाद में स्थित 11 अलग-अलग स्थानों और 3 सहयोगी अस्पतालों में उपलब्ध है, जिनमें से दो आलेर और जेडचर्ला में हैं। इसने मरीजों पर वित्तीय बोझ को काफी हद तक कम किया है। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट की स्थापना समाज के आर्थिक रूप से कमजोर सदस्यों को जाति और धर्म की परवाह किए बिना सस्ती स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के लिए की गई।
स्थानों पर सब्सिडीयुक्त डायलिसिस की पेशकश की जाती है, उनमें जिला अस्पताल, किंग कोठी, मासाब टैंक स्थित महावीर हॉस्पिटल, कुकटपल्ली स्थित रामदेव राव अस्पताल, सिकंदराबाद स्थित गुरुद्वारा गुरु नानक मेडिकल सेंटर, अत्तापुर स्थित जोय अस्पताल, अमीरपेट स्थित चल्ला अस्पताल, इंडो यूएस हॉस्पिटल मलकपेट, कुतबुल्लापुर व सुचित्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, आलेर, यादाद्रि भुवनगिरी जिला एरिया हॉस्पिटल, जेड़चर्ला और कारखाना स्थित ल्यूसिड डायग्नोस्टिक सेंटर शामिल हैं।
16 लाख डायलिसिस कर वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ नाम
ट्रस्ट रियायती डायलिसिस के अलावा एरिथ्रोपोइटिन, आयरन सुक्रोज, लेवोकार्निटाइन के इंजेक्शन और डायलिसिस किट भी बेहद कम कीमत पर उपलब्ध कराता है। ट्रस्ट ने मई, 2025 तक रिकॉर्ड 16 लाख डायलिसिस करके गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में सामाजिक संगठन द्वारा किए गए सबसे अधिक डायलिसिस का विश्व रिकॉर्ड दर्ज किया है। 18 मार्च, 2026 तक ट्रस्ट ने 18 लाख डायलिसिस सत्र पूरे किए और मरीजों के 136 करोड़ रुपये से अधिक की बचत की।
ट्रस्ट में गौतमचंद चोरड़िया, सतीश खिंवसरा, इंदरचंद जैन, रिकब पारख, राजेंद्र कुमार दुग्गड़, स्वरूपचंद कोठारी, अशोक कोठारी, सुनील पहाड़े, सुरेश सुराणा, विनोद कीमती, शांति भाई शाह, प्रशांत श्रीमाल, हनुमानमल नखत, महावीर कुमार पाटनी, सुशील कपाड़िया शामिल हैं। ट्रस्ट के इस कार्य में दानदाताओं का पूर्ण सहयोग रहता है। उन्होंने सहयोगियों व दानदाताओं का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इस सोलर पैनल की स्थापना से सेंटर को बहुत ही अच्छा सहयोग मिलेगा और बिजली के बिल में भी काफी बचत होगी।
यह भी पढ़ें… जैन सेवा संघ के रक्तदान शिविर में 138 लोगों ने किया दान
अवसर पर गौतमचंद चोरड़िया, सतीश खिवसरा, इंदरचंद जैन, रिकब पारेख, राजेंद्र कुमार दुग्गड़, स्वरूप चंद कोठारी, अशोक कोठारी, सुनील पहाड़े, सुरेश सुराणा, विनोद कीमती, शांति भाई शाह, प्रशांत श्रीमाल, हनुमानमल नखत, महावीर कुमार पाटनी, सुशील कपाड़िया, महेन्द्र रांका व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



