महिंद्रा विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर लैंग्वेजलर्निंग एंड डेवलपमेंट सेंटर शुरू
हैदराबाद, महिंद्रा विश्वविद्यालय द्वारा सेंटर फार लैंग्वेज लर्निंग एंड डेवलपमेंट सेंटर के शुभारंभ की आधिकारिक घोषणा की गई। भाषाई उत्कृष्टता और शिक्षण संबंधी नवाचार के केंद्र के रूप में आरंभ किए गए इस केंद्र का उद्देश्य छात्रों, शोधकर्ताओं और शिक्षकों को वैश्वीकृत दुनिया में सफलता के लिए आवश्यक संचार उपकरणों से सशक्त बनाना है। जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, महिंद्रा विश्वविद्यालय के कुलपति यजुलु मेडुरी ने कहा कि मजबूत भाषा कौशल सीखने, अनुसंधान और नेतृत्व के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
सेंटर फॉर लैंग्वेज लर्निंग एंड डेवलपमेंट सेंटर छात्रों और संकाय सदस्यों को अकादमिक और व्यावसायिक परिवेश में विचारों को प्रभावी ढंग से संप्रेषित करने में सहायता करेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल विश्वविद्यालय के व्यापक अकादमिक दृष्टिकोण के अनुरूप है। इसका उद्देश्य ऐसे विचारशील पेशेवरों का पोषण करना है, जो विचारों, संवाद और विद्वता के माध्यम से दुनिया से जुड़ सकें।
यह भी पढ़ें… क्या आदेश का पालन कर रहा है हैद्रा : तेलंगाना कोर्ट
चिंतन, संवाद और सहयोग पर जोर
सेंटर फॉर लैंग्वेज लर्निंग एंड डेवलपमेंट सेंटर प्रमुख तबिता चेकुरी ने कहा कि भाषा अधिगम शिक्षा का मूल आधार है। साथ ही भाषा मात्र एक विषय नहीं, यह वह माध्यम है जिसके द्वारा विद्यार्थी सोचते हैं, प्रश्न पूछते हैं और दुनिया से जुड़ते हैं। शिक्षक विकास को एक प्रमुख स्तंभ बनाकर यह केंद्र अधिगम को चिंतन, संवाद और सहयोग की एक सतत प्रक्रिया के रूप में स्थापित करने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले माह में केंद्र कई शैक्षणिक पहल शुरू करेगा।
इसके तहत शोध लेखन और प्रकाशन प्रक्रियाओं में पीएचडी छात्रों की सहायता के लिए अकादमिक लेखन कार्यशाला तथा प्रभावी मूल्यांकन मानदंड तैयार करने और सीखने के परिणामों के साथ तालमेल बिठाने पर केंद्रित संकाय विकास कार्यक्रम शामिल है। उन्होंने कहा कि यह केंद्र वर्तमान सेमेस्टर के अंत तक प्रवीणता प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना बना रहा है, जिसका उद्देश्य छात्रों की भाषा प्रवीणता और संचार कौशल को बढ़ाना है। इससे उनकी शैक्षणिक उपलब्धि और कॅरियर की तैयारी दोनों में सहायता मिलेगी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



