बनाएं विविध प्रकार के अचार
आम का मीठा अचार

सामग्री: आम-1 किलो (कच्चे), गुड़-500 ग्राम, सौंफ-50 ग्राम, मेथी-50 ग्राम, कलौंजी-50 ग्राम, नमक-100 ग्राम, लाल मिर्च पावडर-इच्छानुसार, हींग-चुटकी भर, सरसों का तेल-150 ग्राम।
विधि: कच्चे आम को धोकर छील लें। उसे छोटी-छोटी फांकों में काटकर थोड़ा-सा सुखा लें। सूख जाने पर नमक मिलाकर रख दें। पानी छूट जाने पर आम की फांकें निकाल लें। गुड़ को पानी में भिगो लें।
एक कढ़ाही में सरसों का तेल गर्म करें। उसमें हींग डालें। भुन जाने पर सब मसाले डाल दें। उन्हें भूनकर उसमें अचार की फांकें डालें। अब थोड़ा भुनने पर गुड़ वाला नमक का पानी उसमें मिलायें। गुड़ कढ़ाही में चिपकने लगे तो उतारकर उसमें गरम मसाला मिला लें। ठंडा होने पर अचार को साफ और सूखे बरतन में भरकर रखें। दो-चार दिन धूप में उसे रखें। मीठा अचार तैयार है।
ये भी पढ़ें: शरतसिटी मॉल में खुला मैड ओवर डोनट्स का पहला स्टोर
भिंडी व हरी मिर्च का अचार

सामग्री : भिंडी-250 ग्राम, हरी मिर्च-100 ग्राम, कच्चे आम-3, राई-एक चम्मच, लहसुन-अदरक का पेस्ट-एक चम्मच, सौंफ-एक चम्मच, अचार का मसाला-2 चम्मच, नमक-स्वादानुसार, सरसों का तेल-250 ग्राम।
विधि: भिंडी और हरी मिर्च धोकर काट लें। तड़के के लिए चार-पाँच चम्मच तेल कढ़ाही में गरम करें। गरम होने पर राई और सौंफ डालें। फिर लहसुन-अदरक का पेस्ट डालकर भूनें।
भिंडी को उसमें डालकर तेज आँच पर तब तक भूनें, जब तक उसका लिसलिसापन समाप्त न हो जाये। फिर उसमें हरी मिर्च डालकर भूनें। आँच से उतारकर ठंडा करें, फिर बची-खुची सामग्री मिलायें। बाकी तेल को गरम करें, फिर ठंडा करके अचार के ऊपर डाल दें।
मिक्स अचार
सामग्री: कच्ची सब्ज़ियाँ (बींस, कमल ककड़ी, घीया, गाजर, आम, हरी मिर्च, कटहल, नींबू 1 किलो।), अदरक-50 ग्राम, प्याज़-100 ग्राम, नमक-50 ग्राम, लाल मिर्च (पिसी)-25 ग्राम, गरम मसाला-40 ग्राम, सरसों का तेल-230 ग्राम, ग्लेशियन एसिटिक एसिड-8 ग्राम, सोडियम बेंजोएट-1 ग्राम।

विधि: सब्ज़ियों को धोकर छील लें। उन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। उबलते पानी में डालकर उन्हें थोड़ा-सा पकाएँ। हरी मिर्च, नींबू, आम न उबालें। उबली सब्ज़ियों को छानकर सुखा लें। प्याज़-अदरक को धोकर छील लें। सरसों का तेल गरम करके उनमें अदरक-प्याज़ डालकर भूनें। फिर सारी सब्ज़ियाँ और मसाले डालकर कुछ देर भूनें। फिर उन्हें आँच से उतारें। उसमें गरम-गरम में ही ग्लेशियन एसिड मिलायें। थोड़े से पानी में सोडियम बेंजोएट घोलकर अचार में मिलायें। ठंडा होने पर उसे सूखे-साफ बरतन में भर लें।
-शिखा चौधरी
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



