आम आदमी के लिए वहनीय बने अंग प्रत्यारोपण : दामोदर राजनरसिम्हा
हैदराबाद, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री दामोदर राजनरसिम्हा ने कहा कि अंग प्रत्यारोपण के उपचार की कीमतों को नियंत्रित किया जाना चाहिए, ताकि आम आदमी भी अंग प्रत्यारोपण का खर्च वहन कर सके। अंग प्रत्यारोपण प्रक्रिया हर किसी जरूरतमंद के लिए वहनीय होनी चाहिए।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दामोदर राजनरसिम्हा ने सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में मानव अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण अधिनियम (थोटा) तथा नैदानिक प्रतिष्ठान अधिनियम के कार्यान्वयन हेतु आवश्यक व्यापक नीति तैयार करने के संबंध में निजी अस्पतालों के प्रबंधन के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। स्वास्थ्य मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को अंगदान को प्रोत्साहित करने के लिए प्रक्रियाओं को सरल बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अंग प्रत्यारोपण उपचार में तेलंगाना को देश के अन्य राज्यों के लिए आदर्श बनाने हेतु प्रभावी कार्य योजना तैयार की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों को यह सुनिश्चित करने के लिए विशेष उपाय करने चाहिए कि दाताओं द्वारा दान किए गए अंग व्यर्थ न जाएँ।
यह भी पढ़ें… 99 दिनों की योजना के तहत एटीसी केंद्रों में आधुनिक पाठ्यक्रम : जी. विवेक
विदेशी रोगियों के लिए नई प्रक्रिया बनाने के निर्देश
साथ ही उन्होंने अधिकारियों को अन्य देशों से अंग प्रत्यारोपण के लिए आने वाले रोगियों के लिए नई प्रक्रियाएँ तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने बैठक के दौरान निजी अस्पतालों में अंग प्रत्यारोपण के उपचारों की कीमतों पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निजी अस्पतालों के प्रबंधन को सुझाव देते हुए कहा कि इन कीमतों को नियंत्रित किया जाए, ताकि आम आदमी भी अंग प्रत्यारोपण का खर्च वहन कर सके। उन्होंने निजी अस्पतालों की समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग अंग प्रत्यारोपण उपचारों के लिए आवश्यक सहायता प्रदान करेगा। दामोदर राजनरसिम्हा ने निजी अस्पतालों के प्रबंधन के साथ राज्य में क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के कार्यान्वयन पर चर्चा की। स्वास्थ्य मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को राज्य में क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट को प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निजी अस्पतालों में चिकित्सा खर्च आम आदमी पर बोझ नहीं बनना चाहिए। निजी अस्पतालों के प्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य मंत्री के सुझावों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। बैठक में स्वास्थ्य सचिव डॉ. क्रिस्टीना जेड. चोंगथू, चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. नरेंद्र कुमार, जीवनदान योजना के नोडल अधिकारी डॉ. भूषण राजू, तेलंगाना वैद्य विधान परिषद आयुक्त डॉ. अजय कुमार, विभिन्न निजी अस्पतालों के प्रबंधन प्रतिनिधि उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



