मेकमाईट्रिप की फ्लेमिंगो ट्रांसवर्ल्ड में बहुलांश हिस्सेदारी खरीदने की घोषणा
नयी दिल्ली,ऑनलाइन यात्रा सेवा मंच मेकमाईट्रिप ने बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय टूर ऑपरेटर फ्लेमिंगो ट्रांसवर्ल्ड में बहुलांश हिस्सेदारी खरीदने की घोषणा की। हालांकि, इस सौदे की राशि का खुलासा नहीं किया गया है। कंपनी ने बयान में कहा कि फ्लेमिंगो ट्रांसवर्ल्ड में बहुलांश हिस्सेदारी खरीदने के लिए एक समझौता किया गया है।
यह सौदा कुछ नियामकीय और अन्य शर्तों के पूरा होने के बाद अंतिम रूप लेगा। फ्लेमिंगो ने पिछले तीन दशक में गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान और मध्य प्रदेश के क्षेत्रीय बाजारों में समूह यात्रा सेवाओं के जरिये अपनी पहचान बनाई है। वह ग्राहकों को अंतरराष्ट्रीय और घरेलू समूह यात्रा पैकेज मुहैया कराती है।
मेकमाईट्रिप ने कहा कि उसके स्थापित हॉलिडे पैकेज कारोबार को फ्लेमिंगो के यात्रा पैकेज से समर्थन मिलेगा और कंपनी को देश के विभिन्न बाजारों में अपनी पहुंच बढ़ाने में मदद मिलेगी। मेकमाईट्रिप के सह-संस्थापक और समूह मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राजेश मागो ने कहा कि फ्लेमिंगो का कारोबार कंपनी की हॉलिडे पैकेज वृद्धि रणनीति के अनुरूप है और समूह यात्रा क्षेत्र में उसकी मजबूत पकड़ है।
फ्लेमिंगो ट्रांसवर्ल्ड के निदेशक और सह-संस्थापक संजय शाह ने कहा, `हम मेकमाईट्रिप के डिजिटल मंच और राष्ट्रीय ग्राहक पहुंच को साथ लेकर कंपनी को पूरे भारत में एक मजबूत टूर कंपनी के रूप में विकसित करना चाहते हैं।’ (भाषा )
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



