मान्या अग्रवाल ने जीते दो खिताब
हैदराबाद, नगर की युवा एवं उभरती बालिका बैडमिंटन खिलाड़ी मान्या अग्रवाल उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दूसरे वेमूरी सुधाकर मेमोरियल तेलंगाना सब-जूनियर ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में बालिका अंडर-15 तथा अंडर-17 एकल विभागों में चैम्पियन बनी।
यहाँ मोइनाबाद स्थित ज्वाला गुट्टा बैडमिंटन अकादमी में आयोजित उक्त प्रतियोगिता के बालिका अंडर-15 विभाग के फाइनल में मान्या अग्रवाल ने कुनलिका को सीधे सेटों में 15-6, 15-9 से मात दी तथा अंडर-17 एकल फाइनल में उम्दा प्रदर्शन जारी रखते हुए मान्या अग्रवाल ने जी. स्तुति को 11-15, 17-15 तथा 15-9 से कड़े मुकाबले में हराकर दो खिताब अपने नाम किए।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि परगी के सांसद डॉ. राममोहन रेड्डी ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। अवसर पर अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन महिला खिलाड़ी ज्वाला गुट्टा, पद्मश्री वरिष्ठ बैडमिंटन प्रशिक्षक एस.एम. आरिफ एवं अन्य खेल से जुड़े अधिकारी उपस्थित थे।
अन्य परिणाम इस प्रकार हैं –
बालक एकल अंडर-15 फाइनल में श्री चेतन शौर्या ने शौर्य तेज को 2-0 से हराया। बालिका एकल अंडर-15 फाइनल में मान्या अग्रवाल ने कुनलिका को 2-0 से हराया। बालक युगल अंडर-15 फाइनल में अक्षित रेड्डी व रमण प्रीत की जोड़ी ने जी. सन्मुका वर्धन एवं मानस की जोड़ी को 2-0 से हराया।
बालिका युगल अंडर-15 फाइनल में इशान्वी तथा साहिती ने मोक्षा गुप्ता एवं ऋत्विका रेड्डी को 2-1 से हराया। मिश्रित युगल अंडर-15 फाइनल में रामकृष्णा एवं साहिती को अद्वैत-अन्या प्रोद्दूटूरु से वॉक ओवर मिला। बालक एकल अंडर-17 फाइनल में अखिलेश गौड़ ने तनीष रेड्डी को 2-0 से हराया।
यह भी पढ़े: तीरंदाजी संरक्षक विजय मल्होत्रा का निधन
बालिका एकल अंडर-17 फाइनल में मान्या अग्रवाल ने जी. स्तुति को 2-1 से हराया। बालक युगल अंडर-17 फाइनल में गौतम प्रकाश व हर्षवर्धन सिंह ने ए. मानस व शनमुका वर्धन को 2-0 से हराया। बालिका युगल अंडर-17 फाइनल में अनन्या रेड्डी एवं चंद्रिका ने आदिती बघेल व लक्ष्या को 2-0 से हराया। मिश्रित युगल अंडर-17 फाइनल में महेन्दर चौधरी व जी. स्तुति ने निशांत व काव्या को 2-0 से हराया। (सी. सुधाकर)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



