महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए मार्गदर्शक की शुरुआत
हैदराबाद, नगर पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार ने तेलंगाना एकीकृत पुलिस कमांड कंट्रोल सेंटर बंजारा हिल्स में महिला और बच्चों की सुरक्षा को मज़बूत करने के लिए मार्गदर्शक के नाम से एक नए कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम को प्रारंभ करने के पश्चात संबोधित करते हुए सज्जनार ने कहा कि समाज में उत्पीड़न, कार्य क्षेत्र में प्रताड़ना और घरेलू हिंसा से परेशान महिलाएँ यह समझ नहीं पा रही हैं कि वे इस बारे में किससे परामर्श करें।

कई महिलाएँ उत्पीड़न और प्रताड़ना का शिकार होने के बावजूद भी चुप रहती हैं। वे अपनी समस्याएँ किसी को बता नहीं पातीं। इस कारण अपराधियों के हौसले बढ़ जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की महिलाओं और बच्चों के लिए मार्गदर्शन करने हेतु और उन्हें भरोसा दिलाने के उद्देश्य से ही मार्गदर्शक कार्यक्रम को अमल में लाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य पीड़ितों को कानूनी सुरक्षा देना और उन्हें पुलिस व्यवस्था के बारे में जानकारी देते हुए उनका मार्गदर्शन करना है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षित वॉलिंटर अब पीड़ितों और पुलिस व्यवस्था के बीच सेतु और संपर्क का कार्य करेंगे।
यह भी पढ़ें… केन्द्रीय जनगणना में पिछड़ी जातियों की वास्तविक संख्या कम दर्ज होने का खतरा
वॉलंटियर्स पीड़ितों को देंगे कानूनी जानकारी व मार्गदर्शन
समस्या कितनी गंभीर है, इसके आधार पर वे पीड़ितों को शी टीम्स, भरोसा केंद्र या विधि विशेषज्ञों के पास भेजेंगे। उन्होंने वॉलेंटर्स को निर्देश दिया कि वे सलाहकार के तौर पर काम करते हुए अपनी जिम्मेदारी निभाएँ और उन्हें पीड़ितों को पूरा भरोसा दिलाना है कि उनके साथ न्याय होगा और इसके लिए वे उनका मार्गदर्शन करें। उन्हें कानून के बारे में जानकारी दें और उनका आत्मविश्वास बढ़ाए। उन्होंने इस कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक पुलिस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि इसे आम लोगों और स्वैच्छिक संगठनों की भागीदारी से एक आंदोलन के रूप में चलाया जाएगा।
सज्जनार ने विश्वास जताया कि यह कार्यक्रम महिलाओं की सुरक्षा में एक मील का पत्थर साबित होगा। इस कार्यक्रम को हैदराबाद सिटी सेक्युरिटी काउंसिल की देखरेख में अमल में लाया जाएगा और इसकी रूपरेखा महिला सुरक्षा विंग की पुलिस उपायुक्त डॉ. लावण्या एनजेपी द्वारा तैयार की गई है। कार्यक्रम में संयुक्त पुलिस आयुक्त एन. श्वेता, सेक्युरिटी काउंसिल के महासचिव शेखर रेड्डी, महिला फोरम की संयुक्त सचिव ख्याति नारायण आदि उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



