मारुति सुज़ुकी ने हैदराबाद में एक ही मंच से प्रदान की 108 ई विटारा

हैदराबाद, मारुति सुज़ुकी इंडिया लिमिटेड ने अपने इलेक्ट्रिक वाहन सफर में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए हैदराबाद में एक ही मंच से ई विटिरा की 108 यूनिट्स ग्राहकों को सौंपीं। कंपनी ने घोषणा की है कि इलेक्ट्रिक कारों के बाज़ार में कंपनी आगामी पाँच वर्षों में नंबर 1 बनने का लक्ष्य रखती है।

जुबली हिल्स स्थित जेआरसी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित समारोह में सौ से अधिक ई विटारा कारों को ग्राहकों को सौंपने के समारोह के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कंपनी के मार्केटिंग एवं सेल्स के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी पार्थो बनर्जी ने कहा कि मारुति सुज़ुकी कंपनी के लिए हैदराबाद सबसे महत्वपूर्ण बाजार है। उन्होंने बताया कि शहर में 14.5 प्रतिशत ईवी पैठ है, जो भारत के किसी भी शहर में सबसे अधिक है।

गुजरात हंसलपुर फैक्ट्री में हो रहा ईवी का निर्माण

यह ई विटारा की संभावनाओं को बड़े स्तर पर प्रदर्शित करने के लिए आदर्श बाजार है। मारुति सुज़ुकी का उद्देश्य केवल इलेक्ट्रिक वाहन बनाना नहीं, बल्कि उसके आसपास मजबूत इकोसिस्टम विकसित करना है। उन्होंने बताया कि शहर में हर 5 किलोमीटर पर एक चार्जिंग प्वाइंट उपलब्ध है। तेलंगाना में कुल 256 चार्जिंग प्वाइंट हैं, जिनमें से 119 हैदराबाद में स्थित हैं। आगे की योजना के तहत कंपनी 2031 तक चार और इलेक्ट्रिक वाहन लांच करने की तैयारी में है।

पार्थो ने बताया कि इस कार का निर्माण गुजरात स्थित हंसलपुर फैक्ट्री में किया जा रहा है। अगस्त 2025 में प्रधानमंत्री द्वारा शुभारंभ के बाद यह मॉडल वित्त वर्ष 2025-26 में भारत से सबसे अधिक निर्यात होने वाला बीईवी बन गया है। अब तक 25,000 से अधिक यूनिट्स 44 देशों में भेजी जा चुकी हैं और इसे 100 से अधिक देशों में निर्यात किया जाना है। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि कंपनी आगामी अगस्त में ईवी पारिस्थितिकी तंत्र को और विस्तारित करते हुए एक और निर्माण यूनिट स्थापित कर रही है। उन्होंने बताया कि ईवी की मांग लगातार बढ़ रही है, विशेषकर हैदराबाद, मुंबई, दिल्ली, पुणे, बेंगलुरू और अहमदाबाद में इसकी मांग में काफी वृद्धि हुई है।

यह भी पढ़ें… आईटी मंत्री ने सिद्दीपेट में किया सीबीजी प्लांट का भूमिपूजन

बैटरी विकल्प और 8 साल की वारंटी की सुविधा

मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी देबज्योति दत्ता ने बताया कि नई ई विटारा एक बार चार्ज करने पर 543 किलोमीटर तक की ड्राइविंग रेंज प्रदान करती है। ग्राहक दो बैटरी विकल्पों 49 किलोवाट तथा 61 किलोवाट में से चुन सकते हैं। दोनों पर 8 वर्ष या 1,60,000 किलोमीटर की बैटरी वारंटी दी जा रही है। इस एसयूवी को भारत एनसीएपी के तहत 5 स्टार सेफ्टी रेटिंग भी मिली है, जिससे यह भारतीय परिवारों के लिए सुरक्षित और भरोसेमंद विकल्प है। उन्होंने कहा कि मारुति सुज़ुकी ने 2030 तक भारत में 1 लाख से अधिक सार्वजनिक चार्जिंग प्वाइंट स्थापित करने का लक्ष्य रखा है। कंपनी पहले ही देशभर में 2,000 से अधिक एक्सक्लूसिव चार्जिंग प्वाइंट स्थापित कर चुकी है।

इसके अलावा 1.5 लाख प्रशिक्षित कर्मचारियों के साथ ईवी रेडी सर्विस वर्कशॉप्स का नेटवर्क तैयार किया गया है। हैदराबाद में ग्राहकों को 21 नेक्सा वर्कशॉप्स की सुविधा मिलती है, जो पूरी तरह ईवी रेडी हैं, जबकि पूरे तेलंगाना में ऐसी 54 सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि कंपनी एक साल की मुफ्त चार्जिंग (20,000 रुपये तक), साथ ही 50,000 रुपये मूल्य का मुफ्त होम चार्जर और इंस्टॉलेशन भी प्रदान कर रही है।

Exit mobile version