बार में भीषण आग: 40 लोगों की मौत, 100 से अधिक घायल

क्रांस मोंटाना (स्विट्जरलैंड), स्विट्जरलैंड के एक अल्पाइन रिसॉर्ट के एक बार में नव वर्ष समारोह के दौरान लगी आग में 40 लोगों की मौत हो गई और लगभग 100 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से अधिकतर की हालत गंभीर है। पुलिस ने यह जानकारी दी। क्रांस-मोंटाना रिसॉर्ट अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्की और गोल्फ के लिए प्रसिद्ध है और रातोंरात, इसका भीड़भाड़ वाला ले कॉन्स्टेलेशन बार स्विट्जरलैंड की सबसे भयानक त्रासदियों में से एक का स्थल बन गया। वैलेस कैंटन के पुलिस कमांडर फ्रेडरिक गिस्लर ने संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा कि बार में कई लोगों के मारे जाने की आशंका है।

गिस्लर ने कहा, पीड़ितों की पहचान करने और उनके परिवारों को सूचित करने का काम जारी है, लेकिन इसमें समय लगेगा और फिलहाल, आपको अधिक सटीक आँकड़ा देना जल्दबाजी होगी। वैलिस कैंटन के अटॉर्नी जनरल बीट्रिस पिलोड ने कहा कि आग के कारणों के बारे में कोई भी दावा करना अभी जल्दबाजी होगी। विशेषज्ञ अभी तक मलबे के अंदर नहीं जा पाए हैं। अधिकारियों ने बताया कि पीड़ितों की सहायता के लिए हेलीकॉप्टर और एम्बुलेंस घटनास्थल पर तुरंत पहुँचे।

दो महिलाओं ने फ्रांसीसी प्रसारक बीएफएमटीवी को बताया कि वे बार के अंदर थीं, जब उन्होंने एक बारमेड के हाथ में एक जलती हुई मोमबत्ती देखी जो बोतल में रखी थी और उसी से लकड़ी की छत में आग लग गई। उन्होंने प्रसारक को बताया कि आग तेजी से फैल गई और छत गिर गई।

एक महिला ने बताया कि कैसे भीड़ उमड़ पड़ी और लोग घबराकर एक तहखाने में स्थित नाइटक्लब से निकलने के लिए संकरी सीढ़ियों से होते हुए एक संकरे दरवाजे से भागने की कोशिश करने लगे। वैलिस कैंटन की क्षेत्रीय सरकार के प्रमुख मैथियास रेनार्ड ने कहा, आज शाम जश्न और एकजुटता का पल होना चाहिए था, लेकिन यह एक बुरे सपने में बदल गया। रेनार्ड के अनुसार, घायलों की संख्या इतनी अधिक थी कि क्षेत्रीय अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई और ऑपरेशन थिएटर जल्द ही पूरी तरह से भर गए। (भाषा) 

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button