मेरठ : ईद से पहले 100 लोगों को रेड कार्ड नोटिस
मेरठ, ईद के मद्देनजर मेरठ पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे करीब 100 लोगों को चिन्हित किया है, जिन्हें जल्द ही रेड कार्ड नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक इन लोगों पर पहले भी उपद्रव या त्योहारों के दौरान तनाव की स्थिति पैदा करने के आरोप में मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अविनाश पांडे ने शनिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ईद पर शांतिपूर्ण माहौल कायम रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने सभी इस्लामी धर्मगुरुओं और मस्जिद प्रबंधन समितियों से समन्वय स्थापित किया है।
544 मस्जिदों और 146 ईदगाहों से प्रशासन ने लिया आश्वासन
अविनाश पांडे ने कहा कि जिले की 544 मस्जिदों और 146 ईदगाहों के प्रबंधन से अधिकारियों ने बातचीत की है और सभी ने आश्वासन दिया है कि किसी भी परिस्थिति में सड़कों पर नमाज अदा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। एसएसपी ने कुछ मीडिया संस्थानों में प्रसारित उन खबरों का भी खंडन किया, जिनमें उनके हवाले से सड़कों पर नमाज पढ़ने या नियमों का उल्लंघन करने वालों के पासपोर्ट निरस्त करने की बात कही गई थी।
अविनाश पांडे ने स्पष्ट किया कि प्रशासन की ओर से ऐसा कोई नया निर्देश जारी नहीं किया गया है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति कानून का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई जरूर की जाएगी। वहीं नगर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष विक्रम सिंह ने पीटीआई-भाषा को बताया कि पुलिस ने पिछले पांच वर्षों के रिकॉर्ड की समीक्षा करके ऐसे लोगों की पहचान की है, जो त्योहारों के दौरान विवाद या तनाव की स्थिति उत्पन्न करने में शामिल रहे हैं।
राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत भी हो सकती है कार्रवाई
आयुष विक्रम सिंह ने कहा कि ऐसे करीब 100 लोगों को रेड कार्ड नोटिस जारी किए जाएंगे। रेड कार्ड नोटिस के तहत किसी व्यक्ति को आवश्यकता पड़ने पर गिरफ्तार किया जा सकता है। अधिकारी ने कहा कि इसमें किसी भी धर्म के लोग शामिल हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि नोटिस में चेतावनी दी जाएगी कि यदि ईद के आसपास किसी भी प्रकार से माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करके सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े: बिरला को पद से हटाने का प्रस्ताव लाने विपक्ष ने सौंपा नोटिस
सिंह ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत भी कदम उठाए जा सकते हैं। पुलिस के अनुसार पिछले वर्ष ईद के दौरान रेलवे रोड थाना क्षेत्र में बैरिकेड तोड़ने और सड़कों पर नमाज अदा करने को लेकर पुलिस से धक्का-मुक्की की घटना सामने आई थी। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



