मेघालय : हिंसा के कारण पश्चिम गारो पर्वतीय में 12वीं बोर्ड की दो परीक्षाएं रद्द
शिलांग, मेघालय शिक्षा बोर्ड ने पश्चिम गारो पर्वतीय जिले में कक्षा 12 की दो परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। यह निर्णय स्थानीय परिषद चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया को लेकर आदिवासी और गैर-आदिवासी समूहों के बीच हुई झड़पों के बाद लिया गया। अधिकारी ने बताया कि 11 मार्च के लिए निर्धारित संगीत और 12 मार्च के लिए निर्धारित ‘एंथ्रोपोलॉजी’ की परीक्षाएं स्थगित दी गई हैं।
राज्य के शेष जिलों में परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होंगी। मेघालय शिक्षा बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक टी.आर. लालू ने कहा, ‘‘पश्चिम गारो पर्वतीय जिले में 11 मार्च (संगीत) और 12 मार्च (एंथ्रोपोलॉजी) के लिए निर्धारित परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। इन्हें बाद में अधिसूचित तिथियों पर पुनर्निर्धारित किया जाएगा।’’
यह भी पढ़े : ईरान-इजराइल संघर्ष : पश्चिम एशिया में सीबीएसई 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं स्थगित
लालू ने बताया कि जिले में उत्पन्न हालात और कर्फ्यू के मद्देनजर विद्यार्थियों व परीक्षा कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती उपाय किए गए हैं। एक अन्य अधिकारी ने कहा कि मंगलवार को जिले में स्थानीय परिषद चुनावों में नामांकन प्रक्रिया को लेकर आदिवासी और गैर-आदिवासी समूहों के बीच हुई झड़पों के दौरान पुलिस की गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद सरकार ने कर्फ्यू लागू किया और सेना बुलानी पड़ी। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



