हैदराबाद, मियाँपुर पुलिस ने मदीनागुड़ा स्थित एक निजी अस्पताल में चोरी की घटना को अंजाम देने के मामले में अस्पताल में हाउसकीपिंग कर्मचारी के रूप में कार्यरत महिला को गिरफ्तार कर लिया। मियाँपुर पुलिस स्टेशन के डिटेक्टिव इंस्पेक्टर रमेश नायुडू ने बताया कि चंदानगर, शिवाजी नगर निवासी जे. दुर्गा (45) अस्पताल में हाउसकीपिंग के रूप में कार्यरत थी। उन्होंने बताया कि 25 फरवरी को चंदानगर, अपर्णा हिल पार्क निवासी एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर अपनी पत्नी के इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा था।
पत्नी आईसीयू में थी और वह कमरे में अकेला था। इसी बीच रात 8:51 से 8:56 बजे के बीच आरोपी महिला कमरे में घुसी और बैग में रखे 3 तोला सोने की चेन, 3 तोला चूड़ियां, 1 तोला कान की बालियां तथा करीब 3 तोला चांदी के सामान चोरी कर लिए। अगली सुबह आभूषण गायब होने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
यह भी पढ़ें… बलात्कारी को आजीवन कारावास और 70 हजार जुर्माना
अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की जाँच की गई। फुटेज में आरोपी महिला संदिग्ध रूप से कमरे में जाते हुए और ड्यूटी खत्म होने के बाद सुरक्षा जाँच से बचते हुए दिखाई दी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। महिला के पास से करीब 7 तोला सोने के आभूषण और 2.5 तोला चांदी के सामान बरामद किए गए हैं। महिला को आगे की कार्रवाई के तहत न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
