झारखंड के प्रवासी श्रमिक की ओमान में सड़क दुर्घटना में मौत
हजारीबाग (झारखंड), झारखंड के हजारीबाग जिले के एक युवक की ओमान की राजधानी मस्कट में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष की एक अधिकारी शिखा लाकरा ने बताया कि हादसे में मारे गए श्रमिक प्रदीप कुमार (24) के परिजनों ने उसके शव को स्वदेश लाने के लिए हजारीबाग जिला प्रशासन से संपर्क किया।
अधिकारी ने कहा, “हमें हजारीबाग जिला प्रशासन से बृहस्पतिवार को सूचना मिली। हमने मृतक के परिजनों से बात की है और आवश्यक दस्तावेज मांगे हैं ताकि ओमान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास और संबंधित निजी कंपनी से समन्वय कर शव को वापस लाने की प्रक्रिया शुरू की जा सके।”
मृतक के परिजनों ने झारखंड के प्रवासी श्रमिकों के मुद्दों पर काम करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर अली से भी संपर्क किया। अली ने बताया कि मृतक के पिता पुनस महतो ने उन्हें सूचित किया कि प्रदीप कुमार बिष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के जबर गांव का निवासी था और ओमान में ट्रांसमिशन लाइन बिछाने के कार्य में निजी कंपनी के साथ कार्यरत था।
यह भी पढ़े : आगरा में कार हादसा : 5 की मौत, 4 घायल
अली ने कहा कि कुछ दिन पहले प्रदीप कुमार गंभीर रूप से बीमार पड़ गया था और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद स्वस्थ होने पर प्रदीप अपने आवास जा रहा था। बुधवार रात सड़क पार करते समय एक वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।(भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





