भारत और सेशेल्स के बीच 9 से 20 मार्च तक सैन्य अभ्यास : रक्षा मंत्रालय
नयी दिल्ली, भारतीय सशस्त्र बलों के तीनों अंगों की एक टुकड़ी 9 से 20 मार्च तक सेशेल्स की सेनाओं के साथ संयुक्त सैन्य अभ्यास में भाग ले रही है, जिसका उद्देश्य दोनों पक्षों के बीच तालमेल को बढ़ाना है। रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी।
यह अभ्यास लामितिये सेशेल्स रक्षा अकादमी में आयोजित किया जा रहा है। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों के तीनों अंगों (थलसेना, वायुसेना और नौसेना) की भागीदारी के साथ यह संस्करण एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। सैन्य टुकड़ी में असम रेजिमेंट के जवान, भारतीय नौसेना और भारतीय वायुसेना के जवान शामिल हैं, जिनमें आईएनएस त्रिकंद और एक सी-130 विमान भी शामिल है।
भारतीय टुकड़ी सेशेल्स रक्षा बलों (एसडीएफ) के साथ संयुक्त अभ्यास के 11वें संस्करण में भाग लेने के लिए सेशेल्स पहुंच चुकी है। क्रेओल भाषा में लामितिये शब्द का अर्थ मित्रता होता है। लामितिये अभ्यास एक द्विवार्षिक प्रशिक्षण कार्यक्रम है और 2001 से सेशेल्स में आयोजित किया जा रहा है। बयान के अनुसार, यह अभ्यास अर्ध-शहरी परिवेश में गैर-पारंपरिक अभियानों के क्षेत्र में तालमेल बढ़ाने और शांतिरक्षा अभियानों के दौरान दोनों पक्षों के बीच सहयोग और अंतर-संचालन को मजबूत करने का प्रयास करेगा।
यह भी पढे़: रक्षा मंत्रालय ने सेना के आतंकवाद रोधी तंत्र हेतु 13 बड़े अनुबंध किए
यह 12 दिवसीय अभ्यास दोनों सेनाओं के बीच कौशल, अनुभव और सर्वोत्तम कार्यशैली के आदान-प्रदान के अलावा द्विपक्षीय सैन्य संबंधों को मजबूती और बढ़ावा देगा। बयान में कहा गया कि दोनों पक्ष अर्ध-शहरी परिवेश में संभावित खतरों को बेअसर करने के लिए सामरिक अभ्यासों की एक श्रृंखला में संयुक्त रूप से हिस्सा लेंगे। साथ ही, नयी पीढ़ी के उपकरणों और प्रौद्योगिकी का उपयोग एवं प्रदर्शन करेंगे। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



