हैदराबाद, तेलंगाना विधानसभा अध्यक्ष गड्डम प्रसाद कुमार ने बुधवार को खैरताबाद विधायक दानम नागेंदर को विधायक दल-बदल मामले में नोटिस जारी किया। उन्हें आगामी 30 जनवरी को हाजिर होने के निर्देश दिये गये हैं। नोटिस में कहा गया है कि दानम नागेंद्र को 30 जनवरी को सुनवाई के लिए उपस्थित होना होगा। इसी प्रकार अध्यक्ष ने बीआरएस विधायक कौशिक रेड्डी और भाजपा विधायक महेश्वर रेड्डी को भी नोटिस जारी किए हैं, जिन्होंने दानम नागेंद्र के खिलाफ अयोग्यता याचिका दायर की थी। दोनों को उसी दिन अपनी बात रखने के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि दल-बदल मामले में कुल 10 विधायकों के खिलाफ शिकायतें प्राप्त हुई थीं, लेकिन अध्यक्ष ने अरिकापुडी गांधी, गुडेम महिपाल रेड्डी, बी. कृष्ण मोहन, प्रकाश गौड़, तेल्लम वेंकट राव, पोचारम श्रीनिवास रेड्डी और काले यादैया को क्लीन चिट देते हुए उन्हें बीआरएस विधायक के रूप में मान्यता दी है। हालांकि अब तक दानम नागेंदर, कड़ियम श्रीहरि और डॉ. संजय के मामलों में जाँच नहीं की गई है।
यह भी पढ़ें… भारत के विमानन विकास का भागीदार वैश्विक निवेशक-पीएम मोदी
दानम नागेंदर ने बीआरएस विधायक रहते हुए वर्ष 2024 के आम चुनाव में कांग्रेस पार्टी के बी-फॉर्म पर सांसद उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। इसे उनके पार्टी बदलने का ठोस प्रमाण माना जा रहा है। बाद में भी वे कांग्रेस में होने का दावा करते रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, दानम नागेंद्र स्पीकर द्वारा कोई कार्रवाई किए जाने से पहले अपने विधायक पद से इस्तीफा देकर उपचुनाव का सामना करने पर विचार कर रहे हैं।
