एमएमसी आयुक्त ने महिला शक्ति कैंटीन में किया भोजन
हैदराबाद, मल्काजगिरी नगर निगम आयुक्त टी. नवीन कृष्णा रेड्डी ने मुख्यालय में नवोद्घाटित इंदिरा महिला कैंटीन में विभाग प्रमुखों के साथ भोजन किया। एमएमसी आयुक्त ने मुख्यालय परिसर में स्थापित इंदिरा महिला शक्ति कैंटीन का औपचारिक रूप से उद्घाटन किया। आयुक्त ने बताया कि इस कैंटीन की स्थापना का उद्देश्य महिला समूहों के आर्थिक सशक्तिकरण को मजबूत करना तथा नगर निगम के कर्मचारियों व आम नागरिकों को कम कीमत पर स्वच्छ व गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है।



कैंटीन के उद्घाटन के बाद आयुक्त ने नगर निगम के विभिन्न विभागों के प्रमुखों के साथ मिलकर भोजन किया। उन्होंने अधिकारियों से अनौपचारिक बातचीत करते हुए कार्यालय के वातावरण में बेहतर समन्वय और आपसी संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की। आयुक्त ने बताया कि इस कैंटीन का संचालन महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से किया जा रहा है, जिससे महिलाओं को स्थायी रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने वाले इस कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।
नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने वाले इस प्रकार के कार्यक्रम समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही उन्होंने शहरी सामुदायिक विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवश्यकता वाले स्थानों पर इंदिरा महिला शक्ति कैंटीन स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की जाए।
यूबीडी अधिकारियों के साथ टेलीकॉन्फ्रेंस
आयुक्त ने शहरी सामुदायिक विकास (यूबीडी) के अधिकारियों के साथ टेलीकॉन्फ्रेंस की। आयुक्त ने शहर में पर्यावरण संरक्षण को विशेष प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सार्वजनिक स्थानों, सड़कों के किनारों तथा खाली स्थानों पर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जाए। उन्होंने भविष्य में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण के लिए अग्रिम योजनाएँ तैयार कर चरणबद्ध तरीके से उन्हें लागू करने हेतु विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।
निगम की नर्सरियों में विभिन्न प्रकार के पौधों का संवर्धन कर आवश्यकतानुसार उनकी उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने के निर्देश भी दिये गये। सड़कों के किनारे, फ्लाईओवर और पुलों के नीचे लगाए गए पौधों को नियमित रूप से पानी देने तथा उनके संरक्षण पर विशेष ध्यान देने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
आयुक्त ने कहा कि शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने में जनभागीदारी भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस संदर्भ में रेसिडेंट वेल्फेयर असोसिएशनों को पौधारोपण कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग से नगर को अधिक हरा-भरा और स्वच्छ बनाने के लिए नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
विभागाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक
आयुक्त ने प्रजा पालना प्रगति योजना के अंतर्गत लागू किए जा रहे 99 दिनों के ऐक्शन प्लान की प्रगति पर विभागाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में शहर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, सड़कों के रखरखाव, आधारभूत ढांचे के विकास तथा जनसुविधाओं में सुधार से संबंधित कार्यों की प्रगति की आयुक्त ने समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर में जारी विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर सेवाएँ उपलब्ध कराई जा सकें।
इसके लिए प्रत्येक विभाग को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने बताया कि ऐक्शन प्लान के तहत सरकारी संस्थानों के परिसरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत सरकारी विद्यालयों, बस्ती दवाखानों तथा सरकारी कार्यालयों जैसे स्थानों पर व्यापक सफाई कार्य किए गए। बैठक के दौरान बताया गया कि 80 सरकारी भवनों, बस्ती दवाखानों तथा अन्य सरकारी परिसरों की सफाई की गई। 177 फाइलों का निस्तारण किया गया।
यह भी पढ़ें… जिनमणिप्रभ सूरीश्वरजी का 2026 का चातुर्मास कारवान दादावाड़ी में
प्रजावाणी में 24 शिकायतें प्राप्त
एमएमसी प्रजावाणी कार्यक्रम में 24 शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि शिकायतों के तत्काल समाधान के आवश्यक कदम उठाए जाएँ। आयुक्त ने प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की और उन्हें संबंधित विभागों को भेजते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर सेवाएँ प्रदान करने के लिए प्रत्येक शिकायत को प्राथमिकता के आधार पर लेकर निर्धारित समयसीमा में उसका निस्तारण किया जाए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



