आरटीसी अस्पताल को आधुनिक एक्स-रे मशीन भेंट
हैदराबाद, तेलंगाना सरकार राज्य सड़क परिवहन निगम (टीजीएसआरटीसी) के तारनाका स्थित अस्पताल में चिकित्सा सेवा को रोगियों के और नजदीक ले जाने के उद्देश्य से केनरा बैंक की अनुबंधित कैन फिन होम्स लिमिटेड ने कॉर्पोरेट सोशल रेस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) के अंतर्गत अस्पताल को नई आधुनिक मोबाइल डिजिटल पोर्टेबल एक्स-रे मशीन प्रदान की।
तारनाका स्थित टीजीएसआरटीसी अस्पताल में 20 लाख रुपये मूल्य की इस मशीन को केनरा बैंक के जोनल हेड गुडा लक्ष्मण व अस्पताल की अधीक्षक व सीईओ एन. शैलेजा मूर्ति ने आज रिबन काटकर प्रारंभ किया। केनरा बैंक के जोनल हेड गुडा लक्ष्मण ने कहा कि सामाजिक सेवा में केनरा बैंक हमेशा से ही आगे रहा है और भविष्य में भी रहेगा। उन्होंने आरटीसी अस्पताल में कर्मचारियों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने को लेकर आरटीसी के प्रबंध निदेशक नागिरेड्डी की प्रशंसा की।
यह भी पढ़ें… फैंसी वाहन नंबरों की नीलामी से आरटीए ने कमाए 31 लाख
अस्पताल की अधीक्षक व सीईओ एन. शैलेजा मूर्ति ने कहा कि अस्पताल में मोबाइल एक्स-रे मशीन उपलब्ध होने से अब रोगियों को उनके नजदीक जाकर चिकित्सा सेवा दी जा सकेगी, जिससे रोगियों को अतिशीघ्र उत्तम एक्स-रे सेवा प्राप्त हो सकेगी। उन्होंने केनरा बैंक की प्रशंसा करते हुए कहा कि रोगियों को बेहतर चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने अस्पताल की सहायता करने बैंकिंग व्यवस्था का आगे आना प्रशंसनीय है। अवसर पर अस्पताल के मेडिकल एडमिनिस्ट्रेटर पी. श्रीनिवास, केनरा बैंक के प्रबंधक टी.टी. अच्युतानंद व अशोक गौतम के अलावा अन्य चिकित्सक उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



