माँ काली के हैं चार स्वरूप
धर्म ज्ञान
हिन्दू धर्म में माँ काली शक्ति और संहार की देवी मानी जाती हैं। उनका स्वरूप जितना रहस्यमयी है, उतना ही प्रभावी भी है। कहते हैं कि आदिशक्ति ने उग्र रूप बुराई का नाश करने के लिए धारण किया। शास्त्रां में महादेव को महाकाल कहा गया है और देवी काली उनकी शक्ति हैं।
उनके बिना शिव भी निराकार माने जाते हैं। अक्सर भक्त सोचते हैं कि माँ काली सिर्फ विनाश की देवी हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। उनके विभिन्न रूप हैं, जो भिन्न संदेश देते हैं। वे रक्षक, ममतामयी माँ और मोक्षदायिनी भी हैं। माँ काली के चार स्वरूप हैं, जिनका यहाँ वर्णन किया जा रहा है।
दक्षिणा काली
दक्षिणा काली माँ का स्वरूप है। माँ का ये स्वरूप गृहस्थों के लिए सबसे अधिक शुभ और फलदायी माना जाता है। पौराणिक कथा के अनुसार, राक्षसों का वध करने के बाद देवी बहुत ज्यादा क्रोध में थीं तब शिव जी उनके चरणों में लेट गए। जैसे ही देवी के पैर शिवजी के शरीर पर पड़े, उनका क्रोध शांत हो गया और वे दक्षिण दिशा की ओर मुख करके खड़ी हो गईं।
श्मशान काली
श्मशान काली का स्वरूप बहुत डरावना है। माना गया है कि माँ काली का ये रूप श्मशान में वास करता है। श्मशान में इंसान का अहंकार, माया और शरीर सब राख़ हो जाते हैं। इसका बहुत गहरा अर्थ है। आदिशक्ति माता का ये रूप इस बात का संकेत है कि इस संसार का सबसे बड़ा और अंतिम सत्य मृत्यु है। श्मशान काली की साधना से इंसान के भीतर का डर समाप्त हो जाता है।
भद्रकाली
भद्र शब्द का अर्थ है- कल्याण। भद्रकाली भक्तों के लिए मंगलकारी और अधर्मियों के लिए काल मानी जाती हैं। पौराणिक कथा के अनुसार, माता सती के देह त्यागने के बाद शिव के क्रोध से वीरभद्र और भद्रकाली प्रकट हुए थे। उन्होंने प्रजापति दक्ष का यज्ञ नष्ट करके संसार को मर्यादा और धर्म का पाठ पढ़ाया। भद्रकाली श्रीकुल परंपरा से जुड़ी हैं और धर्म की रक्षा के लिए हमेशा तैयार रहती हैं।
महाकाली
महाकाली ब्रह्मांड की आदि और अंत की शक्ति हैं। पौराणिक कथा के मुताबिक, जब देवता चंड-मुंड और रक्तबीज जैसे भयानक असुरों से पराजित हो गए, तब देवी दुर्गा के ललाट से अत्यंत क्रोधित महाकाली प्रकट हुईं। उन्होंने ब्रह्मांड को असुरों के आतंक से मुक्त किया। महाकाली समय और मृत्यु की सीमाओं से परे हैं। वो मोक्ष प्रदान करने वाली देवी हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



