एमएसएन रियल्टी आवासीय परियोजनाओं में करेगी 6000 करोड़ का निवेश
हैदराबाद, हैदराबाद के रियल एस्टेट बाजार में एक और कंपनी एमएसएन रियल्टी ने लग्जरी परियोजना ‘वन बाय एमएसएन’ के लॉन्च के साथ ही यह घोषणा की है कि इस क्षेत्र में 6000 करोड़ रुपए के निवेश की योजना है। उस्मान सागर के निकट 55 मंजिलों से अधिक ऊंचे पांच टावरों में लगभग 650 फ्लैट निर्मित किए जाएंगे और कंपनी की पहली ही परियोजना में चार बेडरूम वाले अपार्टमेंट की कीमत 7 से 12 करोड रुपए तक होगी।

एमएसएन रियल्टी के संस्थापक और प्रबंध निदेशक एमएसएन रेड्डी ने आज होटल द लीला में अपनी परियोजना के शुभारंभ की घोषणा की। कंपनी लक्जरी रियल एस्टेट सेगमेंट में अपना डेब्यू कर रही है। यह परियोजना हैदराबाद के तेजी से विकसित हो रहे हब नियोपोलिस, कोकापेट के पास लगभग 7.7 एकड़ के क्षेत्र में निर्मित की जाएगी। 55 मंजिलों वाले पांच टॉवर इस परियोजना का मुख्य आकर्षण होंगे, जिसमें 5,250 से लेकर 7,460 वर्ग फीट तक के 655 आवासीय अपार्टमेंट निर्मित किए जाएंगे। प्रारंभिक स्तर पर पहली परियोजना पर लगभग 3000 करोड रुपए की लागत का आकलन किया गया है जबकि इससे बिल्कुल निकट एक और परियोजना का प्रस्ताव है उसे पर भी लगभग 3000 करोड़ का निवेश भविष्य में किया जाएगा। कंपनी अगले पांच वर्षों में हैदराबाद में 20 मिलियन वर्ग फीट से अधिक क्षेत्र पर रियल एस्टेट परियोजनाओं के विकास की योजना पर रखती है।
नियोपोलिस में ‘वन बाय एमएसएन’ में होगा 55 मालों के पांच टावरों का निर्माण
एम एस एन रेड्डी ने बताया कि यह परियोजना पंचतत्व पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश के धारणा को मूर्त रूप देती है और इसके डिजाइन में भी पंचतत्वों की झलक है। ‘वन बाय एमएसएन’ (ONE by MSN) को आकाश, प्रकाश और वास्तुकला सामंजस्य के सिद्धांतों पर डिज़ाइन करने की योजना है, जिसमें खुलेपन, प्राकृतिक रोशनी और बाहरी वातावरण के साथ विजुअल कनेक्शन को प्राथमिकता दी जाएगी। उस्मान सागर झील के नज़ारे के साथ प्राइवेट लॉबी, डुअल एक्सेस और बेजोड़ इनडोर-आउटडोर ट्रांजीशन के लिए डिज़ाइन किए गए लेआउट जैसी सुविधाएं इस परियोजना की मुख्य विशेषताएं हैं।
इस डेवलपमेंट में 1.8 लाख वर्ग फीट की सेवा सुविधाएं होंगी, जिसमें क्लब हाउस, पोडियम और एक स्काईपार्क शामिल है, जिसमें तीन स्विमिंग पूल जैसे खास आकर्षणों के साथ समर्पित मनोरंजन और स्वास्थ्य क्षेत्र भी उपलब्ध होंगे, जिनमें योग डेक, स्काई सिनेमा, एक्का जिम और मल्टीपर्पज लॉन शामिल हैं। इस परियोजना में कम्युनिटी स्पेस के अलावा, बैडमिंटन, स्कैश, पिकलबॉल और पैडलबॉल के लिए कोर्ट, एक बॉलिंग एली और क्रिकेट, फुटबॉल और गोल्फ के लिए सिमुलेटर जैसी खेलकूद आधारभूत संरचना भी शामिल है। इस परियोजना का निर्माण पांच साल की अवधि में 2030 तक पूरा कर लिया जाएगा।डॉ. एमएसएन रेड्डी ने कहा कि वन बाय एमएसएन के साथ कंपनी विशेष रूप से विचारशील डिजाइन और दीर्घकालिक मूल्य सृजन पर फोकस करते हुए रियल एस्टेट क्षेत्र में अपना कदम रख रही है। कंपनी का उद्देश्य ऐसे स्थल का विकास करना है, जो गुणवत्ता और कार्यक्षमता की बुनियाद को बरकरार रखते हुए शहरों मे बढ़ती आवश्यकताओं के अनुरूप हों। उन्होंने कहा कि इस परियोजना में बिल्कुल निकट एक और स्थल है, जहाँ 7 एकड़ पर एक और आवासीय परियोजना का विकास किया जाएगा। हालाँकि उस परियोजना को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है। लांच अवसर पर कंपनी के निदेशक एवं रेड्डी परिवार के सदस्य सिंधूजा रेड्डी, पूजा रेड्डी, रोहित रेड्डी, निखिल रेड्डी, भरत रेड्डी , श्रीनिवास रेड्डी एवं वास्तुकार अनुज तिवातिया भी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें– सीएम रेवंत रेड्डी ने अंबेडकर जयंती पर टैंकबंड पर दी श्रद्धांजलि
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



