मुंबई हवाई अड्डे : ड्रोन, ड्रग्स और विदेशी जानवरों के साथ 4 गिरफ्तार


मुंबई, सीमा शुल्क विभाग ने मुंबई हवाई अड्डे पर सात ड्रोन, लगभग चार करोड़ रुपये मूल्य का हाइड्रोपोनिक गांजा और तस्करी किए गए विदेशी जानवर जब्त किए। इस सिलसिले में बैंकाक और कोलंबो से आए चार यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि सीमा शुल्क विभाग ने कोलंबो से आए यात्री को पकड़ा जिसके ट्रॉली बैग के अंदर सात ड्रोन छिपाकर रखे गए थे, जिनकी कीमत 32.19 लाख रुपये आंकी गई है।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि सीमा शुल्क विभाग के कर्मियों ने दो अलग-अलग मामलों में बैंकाक से आए दो यात्रियों से हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया, जिसका कुल वजन 3.8 किलोग्राम है और अवैध बाजार में इसकी कीमत लगभग चार करोड़ रुपये है। हाइड्रोपोनिक गांजा मिट्टी रहित तकनीक से पानी और पोषक तत्वों के घोल में उगाया गया गांजा होता है।

यह भी पढ़े: काठमांडू हवाई अड्डा : भारतीय नागरिक से 800 ग्राम से अधिक सोना बरामद
अधिकारी ने आगे बताया कि एक अन्य मामले में सीमा शुल्क अधिकारियों ने विदेशी जानवरों को बरामद किया, जिनमें इगुआना (19), ऑरेंज बियर्डेड ड्रैगन (10), रैकून (1 मृत), क्विंस मॉनिटर लिजार्ड (1 जीवित), गिलहरी (2 गंभीर, 1 मृत) और सेंट्रल अमेरिकन स्क्विरल मंकी (2 मृत) शामिल थे। अधिकारी ने कहा कि वन्यजीव प्रजातियों को बैंकाक से आए एक यात्री के ट्रॉली बैग के अंदर छिपाकर रखा गया था। इस यात्री को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।
