श्री गुरु नानक देवजी के 556वें प्रकाशोत्सव पर भव्य रूप से निकाला गया नगर कीर्तन
हैदराबाद, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा (जीएसजीएसएस), अफजलगंज द्वारा सिख धर्म के पहले गुरु और संस्थापक श्री गुरुनानक देवजी के 556वें प्रकाशोत्सव पर अफजलगंज गुरुद्वारा साहिब से भव्य नगर कीर्तन निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया।










गुरुनानक देवजी के 556वें प्रकाशोत्सव पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा (जीएसजीएसएस), अफजलगंज और गुरुद्वारा साहिब सिकंदराबाद (जीएसएस) की प्रबंधक समितियों द्वारा अफजलगंज गुरुद्वारा परिसर से नगर कीर्तन (पवित्र जुलूस) निकाला गया, जिसमें गुरु ग्रंथ साहिबजी (सिखों का पवित्र ग्रंथ) को सुंदर ढंग से सुसज्जित वाहन पर विराजित कर निशान साहेबानों (धार्मिक ध्वजों) के साथ अफजलगंज, सिद्दिअंबर बाजार, जामबाग, मोजमजाही मार्केट, पुतली बाउली, गौलीगुड़ा केन्द्राय गुरुद्वारा से होते हुए पुन गुरुद्वारा परिसर पर संपन्न हुआ।
नगर कीर्तन का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध सिख युद्ध कला गटका का प्रदर्शन रहा, जिसमें जय तेगंग गटका अखाड़ा (अमृतसर) और दशमेश कलगीधर जत्था द्वारा तलवारबाजी का प्रदर्शन किया गया। अवसर पर जत्था तेरा जत्था, स्त्रा सत्संग और पुरुषों और महिलाओं के कीर्तनी जत्थों द्वारा शबद कीर्तन (पवित्र भजन) किया गया। नगर कीर्तन का स्वागत करने के लिए जगह-जगह स्वागत मंच स्थापित किए गए। साथ ही अल्पाहार, जूस, जल आदि की सेवा प्रदान की गयी।
श्री गुरु नानकदेवजी का प्रकाशोत्सव बुधवार, 5 नवंबर को नामपल्ली स्थित प्रदर्शनी मैदान में उत्साह के साथ मनाया जाएगा। विशाल दीवान (सामूहिक समागम) सुबह 10.30 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें सिख श्रद्धालु और अन्य सामुदायिक धर्मों के लोग हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम में प्रतिष्ठित रागी जत्थों द्वारा गुरबानी कीर्तन (पवित्र भजन) का गायन किया जाएगा।
रात्रि कीर्तन दरबार और गुरु का लंगर कार्यक्रम
भाई हरजिंदर सिंहजी (श्रीनगर वाले), भाई बलजीत सिंह (उसा वाले), ज्ञानी साहेब सिंहजी मारकंडा वाले, हजूरी रागी जत्था, भाई हरि सिंहजी, भाई जगदेव सिंहजी, भाई हरविंदर सिंह सहित अन्य रागी जत्थों द्वारा शब्द कीर्तन, गुरबाणी का पाठ कर गुरु नानकदेवजी द्वारा दिखाये गये मानवतावाद के मार्ग पर प्रकाश डाला जाएगा। विशाल दीवान के बाद सभी के लिए गुरु का लंगर आयोजित किया जायेगा।
इसी क्रम में मंगलवार, 4 और बुधवार, 5 नवंबर को दो रात्रि कीर्तन दरबार होंगे। 4 नवंबर (मंगलवार) को गुरुद्वारा साहिब सिकंदराबाद में शाम 7 से रात 10.30 बजे तक रात्रि कीर्तन दरबार का आयोजन किया जाएगा। बुधवार, 5 नवंबर को रात 9 से 2 बजे तक गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, अफजलगंज में रात्रि कीर्तन दरबार का आयोजन होगा। पदाधिकारियों ने भक्तों का आभार प्रकट कर आगामी कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आग्रह किया।
यह भी पढ़ें… उमंग के साथ मनाया गया सिकंदराबाद हैदराबाद ऑयरन एंड स्टील मर्चेन्ट्स का दीपावली मिलन समारोह
अवसर पर प्रबंधक समिति जीएसजीएसेस के सरदार सतविंदर सिंह बग्गा, उपाध्यक्ष जसपाल सिंह टुटेजा, जीजीएस अध्यक्ष सरदार बलदेव सिंह बग्गा, जीएसएस महासचिव सरदार जगमोहन सिंह, जीएसएस सचिव सरदार हरप्रीत सिंह गुलाटी सहित अन्यों ने सभी का स्वागत किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।




