नारी शक्ति वंदन अधिनियम नए युग का प्रारंभ : डी.के. अरुणा
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व सांसद डी.के. अरुणा ने लोकसभा व राज्य की विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण संबंधी नारी शक्ति वंदन अधिनियम को देश की राजनीति में नए युग का प्रारंभ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार का ऐतिहासिक निर्णय बताया।
भाजपा मुख्यालय श्यामा प्रसाद मुखर्जी भवन में मीडिया को संबोधित करते हुए सांसद डी. के. अरुणा ने कहा कि इस बिल के लागू होने से विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ रहे भारत में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। उन्होंने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि 4 दशकों तक महिला उत्थान का राग अलापती रही कांग्रेस ने संविधान सभाओं में महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं दिया और अब भी बिल की राह में रोड़े अटकाने के प्रयास कर रही है।
महिला आरक्षण बिल पर राजनीति तेज, समर्थन की अपील
इससे कांग्रेस का असली चेहरा उजागर हो चुका है। अरुणा ने केंद्र सरकार द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम संशोधन को लेकर 16, 17 व 18 अप्रैल को बुलाए गए संसद के तीन दिवसीय विशेष सत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2029 के चुनाव में महिला आरक्षण को लागू करने के उद्देश्य से बुलाए गए सत्र में पार्टीबाजी से ऊपर उठकर कांग्रेस बिल का समर्थन करे।
अरुणा ने कहा कि बिल का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिलेगा, इस जलन से कांग्रेस सहित कुछ और दल भी अड़चनें पैदा करने के प्रयास कर रहे हैं।अरुणा ने कहा कि तेलंगाना में महिलाओं का प्रतिनिधित्व का काफी कम है। यह बिल लागू होने के बाद महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि तेलंगाना की 17 लोकसभा सीटें निर्वाचन क्षेत्रों का डिलिमिटेशन होने के बाद बढ़कर 26 होंगी।
इनमें से 9 पर महिलाओं को प्रतिनिधित्व मिलेगा। उन्होंने कहा कि तेलंगाना विधानसभा की 119 सीटें डिलिमिटेशन के बाद बढ़कर 180 होंगी, जिनमें 60 पर महिलाओं को प्रतिनिधित्व मिलेगा। एससी, एसटी महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ेगी। अरुणा ने कहा कि महिलाओं को कोई कम न आंके। अवसर मिलने पर महिलाएं आकाश भी छू सकती हैं।
महिला सशक्तिकरण पर जोर, राजनीति में बयानबाजी तेज
यह साबित करके दिखा दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार सत्ता में आने के बाद से महिलाओं का गौरव बढ़ाने, उनको प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से कई विकास व कल्याणकारी योजनाओं को अमल कर रही है। डी.के. अरुणा ने आगे कहा कि किसी समय केवल रसोई तक सीमित भारत की महिलाएं हर क्षेत्र में प्रतिभा का परिचय दे रही हैं।
अब महिलाएं ड्रोन टेक्नोलॉजी का उपयोग कर खेती करके आर्थिक तौर पर मजबूत हो रही हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने महिलाओं का सम्मान बढ़ाने के उद्देश्य से देश के 12 हजार करोड़ घरों में शौचालयों का निर्माण करवाया है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल अगले 15 से 20 वर्षों तक अमल होगा।
यह भी पढ़े : आईपीएस अधिकारी अभिलाष बिष्ट तेलंगाना में बने रहें : कोर्ट
सांसद डी.के. अरुणा ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की आलोचना करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने जिस प्रकार उत्तर, दक्षिण का भेद फैलाने के प्रयास किए थे, उसी राह पर चलते हुए मीडिया में सुर्खियां बंटोरने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी डिलिमिटेशन को लेकर उत्तर-दक्षिण का भेद फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के हर राज्य की तरह तेलंगाना में भी निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या बढ़ेगी। इसमें उत्तर या दक्षिण का कोई भेद नहीं होगा। अवसर पर भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष डॉ. मेकला शिल्पा रेड्डी, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष जयश्री, सचिव विजयलक्ष्मी, भाजपा नेशनल काउंसिल मेंबर गीता मूर्ति आदि की उपस्थिति थी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



