शीघ्र शुरू किए जाएँगे नए बस रूट : पोन्नम प्रभाकर

हैदराबाद, विधानसभा समिति कक्ष में परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने अविभाजित नलगोंडा ज़िले के जनप्रतिनिधियों और आरटीसी के शीर्ष अधिकारियों के साथ विभिन्न मुद्दों पर सीधी बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी लंबित मुद्दों को हल करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। बैठक में मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी, ज़िले के विधायक मंडुला श्यामुएल, वेमुला वीरेशम, जयवीर रेड्डी, बालू नायक और कुंभम अनिल कुमार रेड्डी, आरटीसी के प्रबंध निदेशक नागिरेड्डी; कार्यकारी निदेशक, क्षेत्रीय प्रबंधक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।

विधायकों ने आरटीसी अधिकारियों का ध्यान कई अहम मुद्दों की ओर आकर्षित किया, जिनमें महालक्ष्मी योजना के कारण यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त बसों की ज़रूरत, अविभाजित नलगोंडा ज़िले में आरटीसी के तहत लंबित कार्य, निर्वाचन क्षेत्रों में नई बसों की ज़रूरत, गाँवों के लिए नए बस रूट, बस स्टेशनों का विकास उल्लेखनीय हैं। मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों के आधार पर रिपोर्ट तैयार की जाएगी और चिंताओं को दूर करने के लिए उचित कदम उठाए जाएँगे।

जगदगिरिगुट्टा में अस्थायी बस स्टेशन बनाने का सुझाव

पोन्नम ने बताया कि बैठक में कुतुबुल्लापुर के जगदगिरिगुट्टा में बसों की अधिक संख्या के कारण पार्किंग समस्या को हल करने के लिए हम्डा भूमि पर अस्थायी बस स्टेशन बनाने का सुझाव दिया गया है। बाचुपल्ली, निजामपेट, दुंडिगल, गंडीमैसम्मा क्षेत्रों में अधिक भीड़ के कारण अतिरिक्त बसें चलाने की मांग की गई है। मल्काजगिरी क्षेत्र में मजदूरों की संख्या अधिक होने के कारण नए रूट शुरू करने का सुझाव दिया गया है।

सिकंदराबाद के जेबीएस बस स्टेशन को आधुनिक बस टर्मिनल में विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया है। उन्होंने बताया कि अन्ना नगर, ताड़बन, बोइनपल्ली आदि क्षेत्रों में अतिरिक्त बसें चलाने, स्वयं सहायता समूह महिलाओं के माध्यम से बसों की खरीद, जुबली हिल्स क्षेत्र से विभिन्न स्थानों के लिए नई बस सेवाएं तथा नई कॉलोनियों और शैक्षणिक संस्थानों के लिए सुबह-शाम अतिरिक्त बसें चलाने का प्रस्ताव आया है, जिस पर आवश्यक निर्णय लिये जाएंगे।

यह भी पढ़ें… सड़कों के विकास व बेहतर आधारभूत संरचना के लिए 15 हजार करोड़ : श्रीधर बाबू

सिंगल टिकटिंग का कोई प्रस्ताव नहीं

परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि नगर में हैदराबाद मेट्रो रेल (एचएमआर), एमएमटीएस व आरटीसी बस सेवाओं के लिए सिंगल टिकटिंग व्यवस्था लाने का कोई प्रस्ताव सरकार के पास नहीं है। विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक मल्लारेड्डी रंगारेड्डी के प्रश्न के उत्तर में पोन्नम ने बताया कि एचएमआर, एमएमटीएस व आरटीसी बस सेवाओं को जोड़कर एकीकृत परिवहन व्यवस्था तैयार करने के बारे में भी सरकार कोई विचार नहीं कर रही है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button