कश्मीर में रात के तापमान में वृद्धि

श्रीनगर, कश्मीर में न्यूनतम तापमान में कुछ डिग्री की बढ़ोतरी के चलते घाटी को भीषण शीत लहर से कुछ राहत मिली है। हालांकि पारा हिमांक बिंदु से नीचे ही रहा। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। शून्य से नीचे के तापमान और साफ आसमान के कारण डल झील और घाटी में स्थित अन्य जल निकायों के कुछ हिस्से जम गए।

अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर में रविवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे से अधिक है। श्रीनगर में बृहस्पतिवार को इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई, जब पारा गिरकर शून्य से छह डिग्री सेल्सियस से नीचे तक पहुंच गया था।

कश्मीर में चिल्ला-ए-कलां: पुलवामा और गुलमर्ग में जम रही ठंड

दक्षिण कश्मीर का पुलवामा शहर घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। पहलगाम पर्यटन स्थल में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में स्थित लोकप्रिय स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में रात का तापमान पिछली रात के शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे से बढ़कर शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस कम पर पहुंच गया।

मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के सोनमर्ग में न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। घाटी के प्रवेश द्वार माने जाने वाले काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस से कम, कोकरनाग में शून्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस नीचे और कुपवाड़ा में शून्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।

कश्मीर इस समय ‘चिल्ला-ए-कलां’ के दौर से गुजर रहा है, जो 40 दिनों की भीषण ठंड का समय होता है, जब रात का तापमान अक्सर हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे गिर जाता है और बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है। पिछले साल 21 दिसंबर को शुरू हुआ ‘चिल्ला-ए-कलां’ 30 जनवरी को समाप्त होगा। घाटी के मैदानी इलाकों में इस मौसम में अब तक बर्फबारी नहीं हुई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि 21 जनवरी तक मौसम शुष्क रहेगा लेकिन इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button