पार्टी से बड़ा कोई नहीं : रामचंदर राव
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने कहा कि देश प्रथम के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रही भाजपा किसी एक व्यक्ति विशेष पर निर्भर पार्टी नहीं है। भाजपा की रीढ़ कार्यकर्ता हैं। उन्होंने चेतावनी भरे स्वर में स्पष्ट किया कि पार्टी की लक्ष्मण रेखा यदि पार की गई, तो सीरियस ऐक्शन होगा, फिर चाहे कोई कितना बड़ा नेता क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।





भाजपा मुख्यालय श्यामाप्रसाद मुखर्जी भवन में पार्टी के स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी का ध्वज फहराने के बाद संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष रामचंदर राव ने कड़े स्वर में कहा कि पार्टी सर्वोपरि है। इससे बड़ा कोई नहीं है। सभी कार्यकर्ता हैं। जनसंघ के वरिष्ठ नेता बलराज मुधोक का नाम लेते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के बाद मोस्ट पापुलर नेता जनसंघ में बलराज मुधोक थे। उन्हें गुमान हो चुका था कि पार्टी उन्हीं के कारण आगे बढ़ रही है।
जीएचएमसी चुनाव में भाजपा अकेले मुकाबले में उतरेगी
तत्पश्चात किसी कारणवश वे निलंबित हुए और आज उन्हें कोई याद तक नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी एक व्यक्ति पर निर्भर रहने वाली पार्टी नहीं है। सभी कार्यकर्ता मिलकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि पार्टी में जिम्मेदारी हर किसी को मिलती है। किसी को पहले या किसी को बाद में या न भी मिले, तो कार्यकर्ताओं को चाहिए कि सभी मिलकर कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मीडिया या सोशल मीडिया पर सार्वजनिक तौर पर अपनी राय व्यक्त करने से बचें। पार्टी के भीतर खुलकर राय व्यक्त करें। यदि सार्वजनिक तौर पर बयानबाजी की जाएगी तो चाहे कितना बड़ा नेता क्यों न हो, उसके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई होगी।
रामचंदर राव ने आगे कहा कि तेलंगाना में भाजपा के 40 लाख सदस्य हैं। राज्य में भाजपा का उज्ज्वल भविष्य है। सभी मिलकर भाजपा को तेलंगाना की सत्ता में लाने का संकल्प लेकर आगे बढें। उन्होंने खानापुर म्युनिसिपल चेयरमैन पद पर भाजपा की अंकम मोनिका के आसीन होने का हवाला देते हुए बताया कि भाजपा का किसी के साथ गठबंधन में नहीं है, न ही ऐसा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्थानीय तौर पर इंडिविजूअल सपोर्ट किसी ने जताया होगा, उसका अर्थ यह न निकाला जाए कि भाजपा ने गठबंधन कर लिया है।
यह भी पढ़ें… बीआरएस के समर्थन से खानापुर चेयरपर्सन बनीं भाजपा की मोनिका
जीएचएमसी चुनाव में भाजपा अकेले मुकाबले में उतरेगी
रामचंदर राव ने आगामी जीएचएमसी चुनाव में भाजपा के अकेले मुकाबले में उतरने की जानकारी दी और जीएचएमसी में 3 मेयर पद हासिल करने की भविष्यवाणी भी की। उन्होंने म्युनिसिपल व सरपंच चुनाव में आदिलाबाद, रायकल व कामारेड्डी आदि का उल्लेख किया और बताया कि कांग्रेस, मजलिस और बीआरएस तीनों ने भाजपा को हराने के लिए हर प्रकार के षड़यंत्र रचे, फिर भी इन स्थानों पर भाजपा सिंगल लार्जेस्ट पार्टी बनकर उभरी है।
अवसर पर पूर्व राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने वर्ष 1975 में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के समय आपातकाल के दौरान कई नेताओं के जेल जाने और लोकनायक जयप्रकाश नारायण के आंदोलन जनता पार्टी का गठन और इंदिरा गांधी की हार से लेकर वर्ष 1980 में भाजपा की स्थापना तक का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा में भाजपा की केवल 2 ही सीटें बताकर चिढ़ाया जाता था लेकिन राष्ट्रवाद, देश प्रथम की भावना, नैतिक मूल्य, निस्वार्थ सेवा, ईमानदारी व सिद्धांतों के चलते आज भाजपा 19 राज्यों में सत्ता पर काबिज है।
यह कोई साधारण बात नहीं है। इसके पीछे कई कार्यकर्ताओं व नेताओं की मेहनत है। उन्होंने आशा जताते हुए कहा कि अब तेलंगाना में भी भाजपा सत्ता में आएगी और भाजपा का मुख्यमंत्री बनेगा। कार्यक्रम के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व पार्षद वाई. कृष्णा, सी. अशोक यादव व पूर्व पार्षद वेंकटरमणी का सम्मान किया गया। अवसर पर पूर्व राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, विधान परिषद में भाजपा विधान परिषद दल के नेता ए.वी.एन. रेड्डी, एमएलसी मल्का कोमरय्या, विधायक राकेश रेड्डी, प्रदेश भाजपा महासचिव एन. गौतम राव, प्रदेश भापजा संगठन मंत्री चंद्रशेखर तिवारी आदि उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



