ई-कार रेस मामले में बजट सत्र के दौरान मिलेगा नोटिस : केटीआर
हैदराबाद, भारास के कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मंत्री के. तारक रामाराव ने भविष्यवाणी करते हुए कहा कि फार्मूला ई-कार रेस मामले को लेकर फिर से उन्हें (केटीआर को) नोटिस देकर बुलाया जाएगा। इस बार 16 मार्च को सरकार के पेश बजट में कुछ नहीं होगा, इसलिए अटेंशन डॉयवर्शन करने के लिए 17 मार्च को नोटिस देकर बुलाया जाएगा, जबकि केस में कोई दम ही नहीं है।
विधानसभा परिसर स्थित भारास विधायक दल कार्यालय में मीडिया से औपचारिक बातचीत में केटीआर ने कई मुद्दों पर बात चर्चा करते हुए कहा कि बजट से ध्यान हटाने के लिए सरकार फिर से नोटिस देने का नाटक करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि 46 करोड़ रुपये खर्च कर ई-कार रेस करवाए जाने से क्या लाभ हुआ है, वह (केटीआर) बताएँगे, लेकिन 200 करोड़ रुपये खर्च से राज्य सरकार द्वारा मई में आयोजित किए जाने वाले मिस वर्ल्ड कार्यक्रम से राज्य को कितना लाभ होगा, रेवंत रेड्डी बताएँ।
केटीआर ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी पर आरोप लगाया कि वह ट्रास्फरेबल डेवलपमेंट राइट (टीडीआर) के नाम पर हजारों करोड़ों का घोटाला करने जा रहे हैं, जिसके पीछे चार रियल इस्टेट ब्रोकर्स हैं। इसके लिए फ्लोर स्पेस इंडेक्स (एफएसआई), जिसे पूर्व मुख्यमंत्री वाई.एस. राजशेखर रेड्डी ने रद्द कर दिया था, उसे मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पुन लाने जा रहे हैं।
केटीआर के आरोप और मुख्यमंत्री की भूमिका पर सवाल
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के गुर्गे टीडीआर के अधिकार कम दामों में खरीदने में जुट चुके हैं। बाद में डिमांड बढ़ने के बाद करोड़ों में बेचने की तैयारी है, जिससे सरकार को लाभ होने के बजाए रियल हस्टेट ब्रोकरों को लाभ होगा। केटीआर ने आरोप लगाया कि यह सबको पता है कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी कोवर्ट के रूप में काम कर रहे हैं।
हाल में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कांग्रेस में बीजेपी के कोवर्ट होने संबंधी जो बयान दिया था, वह मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की ओर ही निशाना था। उन्होंने कहा कि एमएलसी चयन दिल्ली से ही किया गया, जो नाम रेवंत रेड्डी ने दिए थे, उन्हें बाजू रख दिया गया।
उन्होंने कहा कि पूर्व बीआरएस सरकार पर केंद्र से अच्छे संबंध नहीं बनाने के कारण तेलंगाना का नुकसान करने का आरोप रेवंत रेड्डी ने लगाया था, लेकिन अब बताए केंद्र सरकार के साथ रेवंत सरकार ने अच्छे संबंध बनाकर क्या हासिल किया। उन्होंने कहा कि इतनी बार दिल्ली जाकर 15 माह में मुख्यमंत्री ने राज्य के लिए केंद्र से कितनी परियोजनाएँ हासिल की बताएँ।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री की मुलाकात के पीछे का एजेंडा कुछ और है। विधानसभा के बजट सत्र में केसीआर के उपस्थित होने के बारे में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में केटीआर ने कहा कि बजट के प्रारंभ में राज्यपाल के अभिभाषण पर विपक्षी नेता केसीआर अवश्य उपस्थित होंगे। उसके बाद के कार्यक्रमों में भी उपस्थित होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें… बीआरएस और बीजेपी कर रही है कांग्रेस सरकार को कमजोर करने की साजिश -रेवंत रेड्डी
केटीआर की चुनौती और एसएलबीसी दुर्घटना पर चिंता व्यक्त
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सदन में निचले स्तर की बयानबाजियाँ की जाती हैं, उससे साफ है कि केसीआर के स्तर का कोई नेता सदन में नहीं है। केटीआर ने ए. रेवंत रेड्डी को चुनौती देते हुए कहा कि यदि वह पिछड़ा वर्ग को 42 प्रतिशत आरक्षण को लेकर कटिबद्ध हैं, तो राजधानी दिल्ली के जंतर मंतर पर माँग पूरी होने तक आमरण अनशन करें।
यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मिलकर बैठेंगे, तो बीसी वर्ग को 42 प्रतिशत आरक्षण की समस्या एक संशोधन से सुलझ जाएगी। उन्होंने एमएलसी के लिए डॉ. दासोजू श्रवण के नामांकन दाखिल किए जाने को लेकर कहा कि दरअसल केसीआर ने श्रवण को वर्ष 2023 में ही गवर्नर कोटा के अंतर्गत एमएलसी के लिए नामिनेट किया था, लेकिन भाजपा ने गतिरोध पैदा किया।
केसीआर ने फिर अवसर देकर कटिबद्धता प्रदर्शित की है। केटीआर ने एसएलबीसी दुर्घटना में 8 लोगों के मारे जाने पर चिंता जताते हुए कहा कि दरअसल एसएलबीसी की रिपोर्ट कांग्रेस ने 5 सालों तक दबाकर रखी थी, इसलिए इसे सार्वजनिक करने की माँग करेंगे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



