नुमाइश संस्कृति और सद्भाव का उत्सव : सुखेंदर रेड्डी

हैदराबाद, तेलंगाना विधान परिषद के अध्यक्ष गुत्ता सुखेंदर रेड्डी ने कहा कि नुमाइश हैदराबाद तेलंगाना के लिए संस्कृति और सद्भावना का उत्सव है। हर कोई एक बार नुमाइश जाने की इच्छा जरूर रखता है। वे भी एक सामान्य आगंतुक और जनप्रतिनिधि के रूप में कई बार नुमाइश आए हैं और उन्होंने उसकी भव्यता को महसूस किया है।

गुत्ता सुखेंदर रेड्डी शनिवार को नुमाइश मैदान में अखिल भारतीय प्रदर्शनी के समापन समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देशभर से छोटे उद्यमी और व्यापारी अपने उत्पादों के प्रदर्शन के लिए यहाँ आते हैं और प्रोत्साहन पाते हैं। दूसरी ओर प्रदर्शनी की व्यापकता इतनी भव्य है कि यह संस्कृति और सद्भाव का उत्सव महसूस प्रतीत होती है। धर्म, जाति और अन्य भेदभाव से ऊपर उठकर लोग नुमाइश में शामिल होते हैं।

पिस्ता हाउस के प्रबंध निदेशक एम ए माजिद को सम्मानित करते हुए विधान परिषद अध्यक्ष गुत्ता सुखेंदर रेड्डी

22 लाख आगंतुकों संग 1100 स्टॉल आकर्षण का केंद्र

सुखेंदर रेड्डी ने विशेष रूप से उन दिनों को याद किया, जब वे डेयरी विकास निगम के के अध्यक्ष थे और स्टॉल के उद्घाटन के लिए यहाँ आये थे। उन्होंने प्रदर्शनी समिति द्वारा विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं के संचालन की भी सराहना की। प्रदर्शनी समिति के मानद सचिव बी. एन. राजेश्वर ने कहा कि यह प्रदर्शनी छोटे एवं लघु उद्यमियों के लिए अपने उत्पादों और सेवाओं को प्रदर्शित करने का एक उत्कृष्ट मंच है। हर साल सामान्यतः 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग और बच्चों की संख्या अधिक रहती थी, लेकिन इस वर्ष 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग अर्थात् ‘जेन-ज़ी’ युवाओं की भागीदारी सर्वाधिक रही, जो उद्योग और उद्यमिता के प्रति युवाओं की बढ़ती रुचि को दर्शाती है।

इस वर्ष अब तक प्रदर्शनी में 22 लाख से अधिक आगंतुकों ने भाग लिया। मानद सचिव ने कहा कि 46 दिनों तक के आयोजन से प्राप्त आय 19 शैक्षणिक संस्थानों तथा एक धर्मार्थ औषधालय के संचालन में व्यय की जाती है। इस वर्ष लगभग 1100 स्टॉल आवंटित किए गए, जिनमें मनोरंजन झूले और मिनी ट्रेन भी शामिल थे। स्टॉल धारक कश्मीर, पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर राज्यों, ओडिशा, गुजरात, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश तथा तेलंगाना से आए। विभिन्न राज्यों की महिला स्वयं सहायता समूहों एवं महिला उद्यमियों को भी स्टॉल आवंटित किए गए। अनेक सरकारी विभागों ने भी सक्रिय भागीदारी की।

पत्रकार एफ एम सलीम को सम्मानित करते हुए तेलंगाना विधानपरिषद के अध्यक्ष गुत्ता सुखेंदर रेड्डी एवं प्रदर्शनी समिति के पदाधिकारी

उत्कृष्ट विद्यार्थियों व स्टॉल धारकों को सम्मान

उच्च स्तर की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई। यशोदा हॉस्पिटल्स के सहयोग से आगंतुकों के लिए नाममात्र शुल्क पर स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन से प्रदर्शनी सोसायटी पिछले 84 वर्षों से इस प्रदर्शनी का सफल आयोजन करती आ रही है। उन्होंने हैदराबाद पुलिस, बिजली विभाग, अग्निशमन सेवा विभाग, जीएचएमसी, आर एंड बी विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारियों एवं विभागों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही नुमाइश से जुड़ी विभिन्न समितियों के सदस्यों, स्टॉल धारकों एवं आगंतुकों के प्रति भी जताया।

अवसर पर शैक्षणिक संस्थानों से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किये गये और प्रमुख, विभाग, उत्कृष्ट स्टॉल प्रदर्शन एवं मीडिया सहयोग के लिए भी प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। समिति के उपाध्यक्ष आर. सुकेश रेड्डी ने स्वागत भाषण दिया। अवसर पर कोषाध्यक्ष संजय कुमार एवं अन्य सदस्य उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि नुमाइश 15 फरवरी को अंतिम दिन होगी। इसकी तिथियों में किसी प्रकार का विस्तार नहीं किया गया है।

इस समारोह में हिंदी मिलाप के ब्यूरो चीफ एफ एम सलीम, पिस्ताहाउस के प्रबंध निदेशक एम ए माजिद, फोटो पत्रकार मुहम्मद काशिफ, सय्यद मुस्तफा मुज़म्मिल, सय्यद हुस्साम शरीफ एवं अन्य को सम्मानित किया गया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button