ऑनलाइन सट्टेबाजी मामला: ईडी के सामने पेश हुईं उर्वशी रौतेला
नई दिल्ली अभिनेत्री और मॉडल उर्वशी रौतेला मंगलवार को ‘1एक्स बीईटी’ नामक एक ऑनलाइन सट्टेबाजी और गेमिंग प्लेटफॉर्म से जुड़े धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश हुईं। यह जानकारी आधिकारिक सूत्रों ने दीI
उर्वशी रौतेला (31) इस प्लेटफॉर्म की भारत में एंबेसडर है, जो कैरेबियाई द्वीप कुराकाओ में पंजीकृत है सूत्रों ने बताया कि संघीय जांच एजेंसी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत उसका बयान दर्ज करना शुरू कर दिया हैI
पिछले कुछ सप्ताह में ईडी ने इस जांच के तहत युवराज सिंह, सुरेश रैना, रॉबिन उथप्पा और शिखर धवन जैसे क्रिकेटरों के अलावा अभिनेता सोनू सूद, मिमी चक्रवर्ती (पूर्व टीएमसी सांसद) और अंकुश हाजरा (बंगाली सिनेमा कलाकार) से भी पूछताछ की है। कुछ चर्चित सोशल मीडिया हस्तियों से भी पूछताछ की गई हैI
मामला बड़े ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़ा
एजेंसी द्वारा धन शोधन निरोधक कानून के तहत कुछ खिलाड़ियों और अभिनेताओं की करोड़ों रुपये की संपत्ति भी जब्त किये जाने की संभावना हैI सूत्रों ने बताया कि पोर्टल 1एक्सबीईटी से जुड़े मामले की जांच में पाया गया , कि इनमें से कुछ हस्तियों ने उन्हें दिए गए विज्ञापन शुल्क का इस्तेमाल कई तरह की संपत्तियां हासिल करने में किया। ये संपत्तियां धन शोधन विरोधी कानून के तहत “अपराध की आय” के रूप में दर्ज की गईंI
कुराकाओ में पंजीकृत 1एक्सबीईटी के अनुसार, यह सट्टेबाजी उद्योग में 18 वर्षों का अनुभव रखने वाला एक विश्व स्तरीय सट्टेबाजी मंच है। कंपनी की वेबसाइट और ऐप 70 भाषाओं में उपलब्ध होने के कारण, ग्राहक हजारों खेल आयोजनों पर दांव लगा सकते हैं, जैसा कि इसकी वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी में बताया गया हैI केंद्र सरकार ने हाल में कानून बनाया जिसके तहत भारत में वास्तविक धन वाले ऑनलाइन गेमिंग पर प्रतिबंध लगा दिया गया हैI (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



