तेलंगाना के मजबूत नेतृत्व का साक्षी बना बायोएशिया का आयोजन : श्रीधर बाबू
हैदराबाद, तेलंगाना सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री डी. श्रीधर बाबू ने आज कहा कि तेलंगाना उस भविष्यगामी पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है, जो वैज्ञानिक सफलताओं को व्यावहारिक स्वास्थ्य समाधानों में परिवर्तित करने में सहायक सिद्ध हों। इस परिप्रेक्ष्य में राज्य सुनियोजित पहलों के माध्यम से अपने अनुसंधान, नवाचार और उच्च स्तरीय विनिर्माण तंत्र को मजबूत कर रहा है। बायोएशिया ने तकनीकी-जैविक पारिस्थितिकी तंत्र में तेलंगाना के मजबूत नेतृत्व का प्रदर्शन किया है।
एचआईसीसी में आयोजित टेकबायो अनलिश्ड : एआई, ऑटोमेशन एंड द बायोलॉजी रिवोल्यूशन थीम पर आधारित बायोएशिया के 23वें संस्करण का आज समापन हुआ। दो दिवसीय इस आयोजन ने जीवन विज्ञान और टेकबायो पारिस्थितिकी तंत्र में वैश्विक सहयोग, नवाचार और रणनीतिक साझेदारी के उत्प्रेरक के रूप में अपनी स्थिति को फिर से स्थापित किया। इस वर्ष के आयोजन में 4500 से अधिक प्रतिनिधियों और आगंतुकों ने भाग लिया, जो अब तक की सबसे अधिक संख्या है।
वैश्विक लाइफ साइंसेज में तेलंगाना का मजबूत नेतृत्व प्रदर्शित
समापन समारोह में आईटी मंत्री डी. श्रीधर बाबू के साथ तेलंगाना सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के विशेष मुख्य सचिव संजय कुमार, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी बीपी आचार्य, बीआईआरएसी के एमडी डॉ. जितेंद्र कुमार व अन्य गणमान्य उपस्थित थे। मंत्री श्रीधर बाबू ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आगे कहा कि बायोएशिया 2026 अभूतपूर्व सफल रहा है। इस आयोजन ने वैश्विक जीवन विज्ञान और तकनीकी-जैविक पारिस्थितिकी तंत्र में तेलंगाना के मजबूत नेतृत्व को एक बार फिर प्रदर्शित किया है।
इस वर्ष का विषय टेकबायो अनलिश्ड: एआई, ऑटोमेशन एंड द बायोलॉजी रेवल्यूशन जीव विज्ञान को अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों के साथ जोड़ने की परिवर्तनकारी क्षमता को पूरी तरह से दर्शाने वाला है। तेलंगाना भविष्य के लिए तैयार पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है जो वैज्ञानिक सफलताओं को व्यावहारिक स्वास्थ्य समाधानों में परिवर्तित करने वाला हो।
बायोएशिया-2026 से जुड़े विभिन्न पहलुओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह इसका सबसे सफल संस्करण रहा है, जिसने वैश्विक साझेदारी के मार्ग प्रशस्त करते हुए एआई, स्वचालन, सेल और जीन थेरेपी तथा उन्नत विनिर्माण में नवाचार को बढ़ावा दिया है।
यह भी पढ़ें… स्वच्छता को दें प्राथमिकता : रेवंत रेड्डी
डी. श्रीधर बाबू ने वैश्विक निवेश बढ़ने की पुष्टि की
डी. श्रीधर बाबू ने कहा कि इस वर्ष राज्य में महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय भागीदारी देखी गई है, जिसमें फ्रांस, इंडोनेशिया, अमेरिका और नोवार्टिस जैसी वैश्विक कंपनियों ने हैदराबाद को निवेश और नवाचार के प्रमुख केंद्र के रूप में माना है। उन्होंने कहा कि नेक्स्ट जेन लाइफ साइंसेज पॉलिसी 2026-30 जैसी पहल यह सुनिश्चित करने के लिए बनाई गई है कि तेलंगाना वैश्विक पूंजी, प्रतिभा और विशेषज्ञता को आकर्षित करता रहे और समाधान भी प्रदान करता रहे।
श्रीधर बाबू ने कहा कि तेलंगाना नेक्स्ट-जेन लाइफ साइंसेज पॉलिसी को इस दशक के अंत तक राज्य को विश्व स्तर पर शीर्ष तीन लाइफ साइंसेज क्लस्टरों में स्थान दिलाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। तेलंगाना जीवन विज्ञान नवाचार के अगले चरण को आकार देने के लिए वैश्विक उद्योग जगत के अग्रणी लोगों के साथ सहयोग करने के लिए तैयार है। तेलंगाना के साथ साझेदारी करने के लिए वैश्विक उद्यमों और निवेशकों को आमंत्रित करते हुए श्रीधर बाबू ने कहा कि एआई आधारित दवा खोज, बायोलॉजिक्स विनिर्माण में स्वचालन, डेटा-संचालित सटीक चिकित्सा, कम्प्यूटेशनल बायोलॉजी और बायो-मैन्युफैक्चरिंग 4.0 के क्षेत्र में अवसर मौजूद हैं।
तेलंगाना सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के विशेष मुख्य सचिव संजय कुमार ने कहा कि बायोएशिया-2026 नवाचार और सीमा पार सहयोग के माध्यम से उद्योग विकास को गति देने के तेलंगाना के दृष्टिकोण को दर्शाता है। यह मंच स्टार्टअप्स, शोधकर्ताओं और उद्योग जगत के नेताओं को स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में अगली पीढ़ी की प्रौद्योगिकियों और समाधानों का पता लगाने के लिए एक साथ आने में सक्षम बनाता है। उन्नत चिकित्सा, डिजिटल स्वास्थ्य, सटीक चिकित्सा, एआई-संचालित दवा खोज और नवाचारों पर राज्य का ध्यान मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र सुनिश्चित करता है जो भविष्य के लिए तैयार और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी है।
तेलंगाना में नीति व बुनियादी ढांचे से नवाचार को बढ़ावा
नीतिगत दूरदर्शिता को मजबूत बुनियादी ढांचे और नियामक समर्थन के साथ मिलाकर तेलंगाना सहयोगात्मक वातावरण को बढ़ावा दे रहा है जो जीवन विज्ञान क्षेत्र में परिवर्तनकारी प्रभाव डालना जारी रखेगा। तेलंगाना लाइफ साइंसेज के सीईओ शक्ति एम. नागप्पन ने कहा कि बायोएशिया के इस संस्करण को लाइफ साइंसेज सेमिनार का अब तक का सबसे सफल संस्करण कहा जा सकता है, जिसमें प्रतिनिधियों और चर्चाओं की संख्या सबसे अधिक रही।
बायोएशिया 2026 के दौरान हुई साझेदारियां तथा समाने आए अवसर तेलंगाना के लाइफ साइंसेज क्षेत्र में नवाचार आधारित विकास के अगले चरण को गति देने में उत्प्रेरक का काम करेंगे। अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की श्रंखला में हैदराबाद रिसर्च एंड इनोवेशन सर्कल ने तेलंगाना हॉस्पिटल-इंडस्ट्री इनोवेशन ब्रिज को लांच किया। इसका उद्देश्य स्वास्थ्य सेवा नवाचार, ट्रांसलेशनल रिसर्च और मेडटेक विनिर्माण में वैश्विक स्तर पर राज्य की अग्रणी स्थिति को मजबूत करना है।
यह कार्यक्रम दो चरणों में कार्यान्वित किया जाएगा। पहले चरण में नैदानिक प्रशिक्षण, उद्योग से परिचय और बौद्धिक संपदा अधिकार, नियामक प्रक्रियाओं, परीक्षण और सत्यापन पर कार्यशालाओं के माध्यम से जागरूकता और क्षमता निर्माण पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। दूसरे चरण में प्रोटोटाइप विकास, विनिर्माण तत्परता, नियामक और नैदानिक सत्यापन सहायता और निवेशकों से संपर्क सहित बाजार पहुंच के माध्यम से स्टार्टअप विकास को गति प्रदान की जाएगी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



