बुर्कानशीं को प्रधानमंत्री बनाने के सपने देखने वाले ओवैसी पहले मजलिस की प्रमुख बुर्कानशीं को बनाने का साहस दिखाएँ : बंडी संजय
हैदराबाद, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय ने मजलिस ए इत्तेहादुल मुसलमीन (एमआईएम) प्रमुख व सांसद असदुद्दीन ओवैसी पर पलटवार करते हुए प्रश्न किया कि देश के प्रधानमंत्री पद पर बुर्का पहनने वाली महिला को बैठाने के सपने देखने वाले ओवैसी सर्वप्रथम मजलिस पार्टी प्रमुख पद पर मुसलमान महिला को बैठाने का साहस दिखाएँ?
केंद्रीय मंत्री बंडी संजय ने प्रश्नों की बौछार जारी रखते हुए पूछा कि ओवैसी ने मजलिस पार्टी में कितनी मुसलमान महिलाओं को विधायक या सांसद के लिए टिकट दिए हैं बताएं? उन्होंने प्रश्न किया कि ओवैसी बताएं मजलिस पार्टी में महत्वपूर्ण निर्णय लेने वाले पदों पर कितनी बुर्का पहनने वाली महिलाओं को स्थान दिया है? उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2018 चुनाव में मजलिस विधायक दल के नेता अकबरुद्दीन ओवैसी के विरुद्ध भाजपा ने चंद्रायनगुट्टा निर्वाचन क्षेत्र से मुस्लिम महिला शहजादी बेगम को चुनावी मैदान में उतारा था।
यह भी पढ़ें… वादे के अनुसार ओयू को तत्काल एक हजार करोड़ दे सरकार : एरोला
शहजादी बेगम को आयोग में स्थान, महिलाओं के प्रति मोदी का सम्मान
उस समय मजलिस द्वारा मुसलमान महिला शहजादी बेगम को हराने के लिए निशाना बनाकर धमकियां दी गईं थीं। यह ओवैसी व मजलिस का महिलाओं के प्रति असली चेहरा है। उन्होंने कहा कि मुसमान महिलाएं ओवैसी के पाखंड को पहचान रही हैं। केवल बयानबाजी करने वाले असली चेहरे को देख रही हैं। ऐसे बयानों से मुसलमान महिलाएं झांसे में नहीं आएंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने शहजादी बेगम को राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग में सेवा का मौका देकर सम्मान दिया है यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का महिलाओं के प्रति नजरिया दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जैसे ही कोई मुस्लिम महिला मजलिस से कोई प्रश्न करती है, उसे धमकियों का सामना करना पड़ता है ।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुसलमान महिलाओं को तीन तलाक की कुरीति से छुटकारा दिलाने के लिए कानून लाकर तीन तलाक समाप्त कर दिया। इसके अलावा महिलाओं को बिना किसी धर्म, जाति भेद के उनके सशक्तिकरण के लिए योजनाएं लाकर सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि पुरुषों के नियंत्रण से परे मुसलमान महिलाओं को सीधे कल्याण का लाभ दिया है, महिलाओं की गरिमा व सुरक्षा सुनिश्चित की है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के नाम पर बैंक खाते, रसोई गैस कनेक्शन, आवास, महिलाओं के लिए शौचालय व्यवस्था आदि देकर सम्मान दिया है जिसका लाभ मुसलमान महिलाओं को भी हो रहा है। उन्होंने कहा कि ओवैसी सार्वजनिक जीवन, पार्टी में ही नहीं बल्कि घर पर भी महिलाओं पर प्रतिबंध लगाने से भी नहीं चूकते हैं फिर सशक्तिकरण की बात कर बुर्कानशीं महिला को प्रधानमंत्री बनाने के बयान देकर समाज की महिलाओं को गुमराह करते हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



