पादरू जैन युवा संगठन की एक रुपये भोजन सेवा योजना के 13 वर्ष पूर्ण

हैदराबाद, पादरू जैन युवा संगठन, हैदराबाद की एक रुपये में भोजन वितरण प्रतिदिन सेवा योजना के 13 वर्ष पूर्ण हुए। यहाँ प्रचार मंत्री भरत कटारिया जैन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, भाग्यनगर में श्री पादरू प्रवासी जैन संघ, हैदराबाद की ओर से रोपा गया पादरू जैन युवा संगठन रूपी बीज सेवा के क्षेत्र में विशाल वट वृक्ष बन चुका है। संगठन का गठन 18 मार्च 2012 को किया गया था, जिसके ठीक एक वर्ष बाद 3 मार्च 2013 से बहुचर्चित एक रुपये में भोजन वितरण प्रतिदिन सेवा योजना की शुरुआत की गई। भूखे को भोजन व प्यासे को पानी के सेवा मंत्र को जीवंत रखते हुए इस सेवामयी यात्रा ने सफलतापूर्वक अपने 13 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं।

संस्था के अध्यक्ष श्रवण संकलेचा ने बताया कि इन 13 वर्षों में लगभग एक मिलियन (10 लाख) से अधिक जरूरतमंद लोगों को लाभ पहुँचाया जा चुका है। सबसे गौरवपूर्ण बात यह है कि इस लंबी यात्रा में एक भी दिन ऐसा नहीं रहा जब यह सेवा रुकी हो, बिना किसी अंतराल के प्रतिदिन भोजन वितरण का कार्य पूरी निष्ठा से किया गया है।

महामंत्री प्रवीण ढ़ेलड़िया ने कहा कि इस योजना के माध्यम से संगठन ने नगर द्वय के महानुभावों को अपने परिवार की पुण्यतिथि, जन्मदिन और वैवाहिक वर्षगाँठ जैसे अवसरों को सेवामयी बनाने के लिए उचित मंच व पुण्य का रास्ता प्रदान किया है। लोग बड़ी अटूट आस्था व सेवा भाव के साथ इन विशेष दिनों पर भोजन सेवा के माध्यम से पुण्य अर्जित कर रहे हैं। उपाध्यक्ष मुकेश बालड़ ने बताया कि संस्थापक अध्यक्ष व वर्तमान चेयरमैन जसराज बाफणा ने सेवा की ऐसी मजबूतऔर अटूट नींव रखी, जिसके फलस्वरूप यह संभव हो पाया है कि सेवा निरंतर जारी है। उनकी कड़ी मेहनत और निगरानी का परिणाम है कि संगठन इस मुकाम पर खड़ा है।

जरूरतमंदों व पशु-पक्षियों तक पहुंची मदद

सह मंत्री व मॉर्निंग हीरो सुरेश संकलेचा ने बताया कि विगत वर्षों में आए कोरोना संकट व तालाबंदी (प्रथम व द्वितीय) के दौरान संगठन के युवाओं ने अपनी जान की परवाह किए बिना सेवा को और विस्तार दिया। उस कठिन समय में मॉर्निंग हीरोज के विशेष आग्रह पर भोजन सेवा को दिन में तीन समय तक बढ़ाया गया, ताकि कोई व्यक्ति भूखा न सोए। उपाध्यक्ष विकास गोलेच्छा ने कहा कि तालाबंदी में गरीब रथ के माध्यम से शहर की सड़कों पर जरूरतमंदों तक भोजन पहुँचने के साथ मूक पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी तथा चारे का प्रबंध किया गया।

यह भी पढ़ें… श्री श्याम सत्संग सदन, खाटू में मना बाबा श्याम का भव्य उत्सव

प्रचार मंत्री भरत कटारिया जैन ने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि आप सभी के विशेष सहयोग से आगामी नवंबर माह में इस सेवा के 5,000 गौरवशाली दिवस पूर्ण होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पादरू के सेवा संस्कारों की बदौलत सैकड़ों मील दूर हैदराबाद में मानव सेवा की यह मिसाल कायम है। 13 वर्ष की इस सफल यात्रा के उपलक्ष्य में संगठन ने संस्था की रक्त वाहिनी मॉर्निंग हीरोज, मुनीम भगवानदास, गरीब रथ के चालक, रसोई दल तथा प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने हिन्दी मिलाप समाचार-पत्र एवं मीनाक्षी पब्लिकेशन और जय श्री कृष्णा पब्लिकेशन के विशेष सहयोग के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया। कोषाध्यक्ष भरत बालड़ ने भविष्य में इसी प्रकार के निरंतर सहयोग की अपेक्षा की है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button