कांग्रेस से सतर्क रहे केरलम की जनता : किशन रेड्डी
हैदराबाद, केंद्रीय कोयला व खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने केरलम की जनता को कांग्रेस पार्टी से सतर्क करते हुए कहा कि कांग्रेस व मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की बातों पर भरोसा न करें। 10 सालों तक केरलम की प्रगति में कम्युनिस्ट पार्टी ने गतिरोध पैदा किया, अब यदि कांग्रेस को जिताया, तो राज्य में भ्रष्टाचार का बोलबाला होगा।
भाजपा मुख्यालय श्यामाप्रसाद मुखर्जी भवन में मीडिया से बात करते हुए किशन रेड्डी ने केरलम चुनाव प्रचार के दौरान तेलंगाना का उदाहरण देते हुए 6 गारंटियों पर अमल किए जाने संबंधी दिए बयान का हवाला देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी धोखेबाज राजनीतिज्ञ हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर ने जिस प्रकार दलित को मुख्यमंत्री बनाने, बेरोजगार युवाओं को प्रतिमाह बेरोजगारी भत्ता देने का वादा कर छल किया था, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी उसी मार्ग पर चल रहे हैं।
यह भी पढ़ें… एमएमसी आयुक्त ने मच्छर निवारण के लिए माँगा जन सहयोग
कांग्रेस ने पूरे प्रॉजेक्ट की जांच केंद्र से नहीं कराई
मंत्री ने कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना के घोटाले की सीबीआई जाँच को लेकर केंद्र सरकार की आलोचनाओं पर कहा कि कालेश्वरम परियोजना घोटाले की जाँच की माँग भाजपा कर रही है, लेकिन कांग्रेस सरकार ने कालेश्वरम के पूरे प्रॉजेक्ट की सीबीआई जाँच के लिए केंद्र से नहीं कहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार केवल मेडीगड्डा व धंसे पिल्लरों की जाँच तक सीमित हो चुकी है। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा हाईकोर्ट में है, सच्चाई अवश्य सार्वजनिक होगी।
मंत्री ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने चुनाव के पहले बड़ी-बड़ी डींगे हांकते हुए कहा था कि कांग्रेस के सत्ता में आने पर बीआरएस शासन में हुए सारे भ्रष्टाचार को उजागर कर दोषी केसीआर परिवार सहित भ्रष्ट मंत्रियों व विधायकों को सलाखों के पीछे डाला जाएगा, भ्रष्टाचार के 1 लाख करोड़ रुपये वसूले जाएँगे, लेकिन सत्ता में आने के बाद कांग्रेस को सांप सूंघ गया है।
मंत्री ने कहा कि किसी एक केस में भी कांग्रेस ने किसी पर कोई कदम नहीं उठाया। कांग्रेस अपनी असमर्थता से बचने के लिए भाजपा के कंधे पर बंदूक रखकर चला रही है। उन्होंने कहा कि 6 गारंटियों व 420 वादों पर अमल करने का चुनाव में वादा कांग्रेस ने किया था, निभाने की लोकतांत्रिक जिम्मेदारी भी उसी की ही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



