राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस पर पीआईबी ने छात्राओं के साथ की वार्ता
हैदराबाद, प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) हैदराबाद द्वारा राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के उपलक्ष्य में जागरूकता ‘वार्ता’ का आयोजन किया गया। मुशीराबाद के सरकारी हाई स्कूल आयोजित इस कार्यक्रम में बालिकाओं को गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर की रोकथाम में ह्यूमन पेपिलोमावायरस (एचपीवी) वैक्सीन के महत्व के बारे में जानकारी प्रदान की गई।




अवसर पर जानकारी देते हुए बताया गया कि इस वार्ता का उद्देश्य 14 से 15 वर्ष की आयु की लड़कियों को एचपीवी टीकाकरण के लिए जागरूक तथा प्रोत्साहित करना था। यह कार्यक्रम 28 फरवरी से शुरू किए गए राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का हिस्सा था। 90 दिवसीय इस टीकाकरण कार्यक्रम को बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।
पीआईबी की अतिरिक्त महानिदेशक श्रुति पाटिल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा इस एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक 14 वर्षीय लड़की को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए निशुल्क टीका मिले। अवसर पर उन्होंने छात्राओं से यह टीकाकरण करवाने की अपील करते हुए कहा कि इसके प्रति जागरूकता का प्रसार करने में योगदान देने की बात भी कही।
यह भी पढ़ें… लाइफ साइंसेज क्षेत्र में 300 करोड़ का निवेश : श्रीधर बाबू
सर्वाइकल कैंसर रोकथाम में टीकाकरण प्रभावी- डॉ. चांदनी
केंद्रीय स्वास्थ्य सेवा की वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.एच.डी.चांदनी ने अवसर पर सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में टीकाकरण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने एचपीवी वैक्सीन के बारे से जुडे मिथकों पर चर्चा करते हुए कहा कि ऐसी गलत धारणाएं हैं कि एचपीवी वैक्सीन महिलाओं में गर्भावस्था या मासिक धर्म चक्र को प्रभावित करती है। एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है। यह वैक्सीन लगभग 90 प्रतिशत सर्वाइकल कैंसर को रोक सकती है, जो भारत में महिलाओं में दूसरा सबसे आम कैंसर है। डॉ. चांदनी ने कहा कि यह वैक्सीन मुंह और गुदा के कैंसर को रोकने में भी सहायक है। अभिभावकों को सुनिश्चित करना चाहिए कि प्रत्येक पात्र बालिका को इस टीके का लाभ मिले।
अवसर पर एचपीवी वैक्सीन जागरूकता पर आधारित नाट्य प्रस्तुति भी दी गई। कार्यक्रम में मुशीराबाद के सरकारी स्कूल के शिक्षकों तथा छात्राओं सहित पीआईबी तथा सीबीसी के कर्मचारी भी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





