भारी वर्षा की संभावना
हैदराबाद, दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रभाव से राज्यभर में बारिश हो रही है। मानसून सक्रिय रूप से आगे बढ़ रहा है। इसके चलते राज्य में अगले छह दिनों तक मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। हैदराबाद मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार दक्षिणी और पश्चिमी तेलंगाना जिलों में आगामी बुधवार तक भारी बारिश की संभावना है। बारिश के दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जतायी गयी है।
मौसम विभाग के अनुसार कल शनिवार को राज्यभर में कई स्थानों पर बिजली गरजने और तूफानी हवाओं के साथ वर्षा हो सकती है। रविवार को जयशंकर भूपालपल्ली, मुलुगु, भद्राद्री कोत्तागूडेम, विकाराबाद, संगारेड्डी, मेदक, कामारेड्डी आदि जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना है। अन्य जिलों में कई स्थानों पर बिजली और तूफानी हवाओं से गरज के साथ बारिश हो सकती है। सोमवार को आदिलाबाद, कोमुरमभीम आसिफाबाद, मंचिरियाल, करीमनगर, पेद्दापल्ली, जयशंकर भूपालपल्ली, मुलुगु, भद्राद्री कोत्तागूडेम जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना जतायी गयी है।
यह भी पढ़ें… मानसून आपातकालीन टीमें 24 घंटे उपलब्ध रहें : रेवंत
उस दिन अन्य जिलों में तूफानी हवाओं से बारिश हो सकती है। मंगलवार को कोमुरमभीम आसिफाबाद, मंचिरियाल, करीमनगर, पेद्दापल्ली, जयशंकर भूपालपल्ली, मुलुगु, भद्राद्री कोत्तागूडेम, खम्मम जिलों में भारी वर्षा की संभावना है। राज्य के अन्य जिलों में तेज हवाओं से गरज के साथ बारिश हो सकती है। इसी प्रकार आगामी बुधवार को राज्य के कुछ जगहों पर भारी वर्षा होने की संभावना जतायी गयी है। आगामी गुरुवार को राज्यभर में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा या गरज के साथ छींटे पड़ने का पूर्वानुमान है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



