भारतीय कला महोत्सव का उद्घाटन करेंगी राष्ट्रपति
हैदराबाद, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार, 21 नवंबर को राष्ट्रपति निलयम, बोलारम में भारतीय कला महोत्सव के दूसरे संस्करण का उद्घाटन करेंगी। राष्ट्रपति भवन द्वारा आयोजित यह महोत्सव गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, गोवा, दादरा और नगर हवेली व दमन-दीव की सांस्कृतिक, पाक कला और कलात्मक संपदा का उत्सव होगा।
राष्ट्रपति निलयम के जनसंपर्क अधिकारी कुमार समरेश ने बताया कि इस वर्ष का आयोजन पश्चिमी भारतीय राज्यों पर केंद्रित है, जो पारंपरिक नृत्य, कला, शिल्प और हथकरघा शैलियों को एक मंच पर प्रस्तुत करेगा। महोत्सव में पद्मश्री पुरस्कार विजेताओं सहित 250 से अधिक कलाकार शास्त्राय और लोक नृत्य की एक श्रृंखला प्रस्तुत करेंगे। हैदराबाद और आसपास के क्षेत्रों के लोग 22 से 30 नवंबर तक राष्ट्रपति निलयम का दौरा कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें… उप-मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का से रूसी प्रतिनिधिमंडल ने की भेंट
राष्ट्रपति निलयम में पारंपरिक हस्तशिल्प और क्षेत्रीय उत्पाद प्रदर्शित होंगे
राष्ट्रपति निलयम की प्रबंधक डॉ. के. रजनी प्रिया ने जनता से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि आगंतुक आधिकारिक वेबसाइट rashtrapatibhavan.gov.in के माध्यम से प्रवेश के लिए पंजीकरण कर सकते हैं या कार्यक्रम स्थल पर ऑ़फलाइन पंजीकरण पूरा कर सकते हैं। कार्यक्रम में पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा और क्षेत्रीय उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री करने वाले समर्पित राज्य मंडप होंगे।
मुख्य आकर्षणों में गुजरात की कच्छ बंधनी, राजस्थान की कोटा डोरिया साड़ियाँ और पट्टू सूती बुनाई, महाराष्ट्र की कोल्हापुरी चप्पलें और पैठनी साड़ियाँ, और गोवा की कुंबी साड़ियाँ शामिल हैं। पश्चिमालप नामक एक जीवंत सांस्कृतिक खंड दर्शकों को महाराष्ट्र के ढोल-ताशा और लेज़िम, राजस्थान के कालबेलिया और लाल आंगी गैर, गुजरात के तलवार रास गरबा, गोवा के समई और घुमत वदन, और दादरा-नगर हवेली के भोवड़ा जैसे लोक नृत्य और संगीत परंपराओं से रूबरू कराएगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





