शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए प्रोजेक्ट सर्व लांच
हैदराबाद, इंटरमीडिएट शिक्षा विभाग द्वारा संचार और साक्षात्कार कौशल पर प्रोजेक्ट सर्व के पहले ऑनलाइन सत्र की मेजबानी की गई। जिसका उद्देश्य ऑनलाइन प्लेटफार्मों के माध्यम से सभी सरकारी जूनियर और व्यावसायिक कॉलेजों में शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाना है।
आज यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार प्रोजेक्ट सर्व का ऑनलाइन सत्र टीजीबीआईई कॉन्फ्रेंस हॉल में हैदराबाद के दो सरकारी जूनियर कॉलेजों के लिए पायलट कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया गया।
इंटरमीडिएट शिक्षा विभाग ने पायलट ऑनलाइन सत्र किया आयोजित
जानकारी देते हुए बताया गया एक स्टेप फाउंडेशन की साझेदारी में लांच प्रोजेक्ट सर्व एक अभिनव पहल है। जिसका उद्देश्य सरकारी जूनियर और व्यावसायिक कॉलेजों में शिक्षा की गुणवत्ता को को प्रोत्साहन प्रदान करना है। आज आयोजित ऑनलाइन सत्र का नेतृत्व प्रोजेक्ट सर्व के समन्वयक गोपाल सुब्रमण्यम ने किया।
इंटरमीडिएट शिक्षा के निदेशक कृष्ण आदित्य ने अवसर पर कहा कि एक स्टेप फाउंडेशन द्वारा डिजिटल शिक्षा के चरणबद्ध रोलआउट से शिक्षकों की कमी, कौशल अंतराल और ड्रॉपआउट दरों जैसी प्रमुख चुनौतियों का समाधान होगा।
उन्होंने कहा पायलट चरण में इस प्रोजेक्ट को सरकारी व्यावसायिक जूनियर कॉलेज, नामपल्ली तथा सरकारी जूनियर कॉलेज, चंचलगुड़ा में लागू किया जाएगा। जिसमें सीखने के अवसरों को बढ़ाने के लिए डिजिटल कक्षाएं शुरू की जाएंगी।
संचार व साक्षात्कार कौशल पर छात्रों के लिए 21 दिवसीय कार्यक्रम
उन्होंने कहा सीमित संकाय वाले कॉलेजों में निर्बाध शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए साझा डिजिटल प्लेटफार्म पर पाठ प्रसारित किए जाएंगे। इससे छात्रों को बिना किसी व्यवधान के उच्च गुणवत्ता वाले शिक्षण संसाधनों का लाभ मिल सकेगा।
संचार कौशल विशेषज्ञ वर प्रसाद ने व्यावहारिक सत्र में छात्रों को प्रभावी संचार और साक्षात्कार कौशल के बारे में जानकारी प्रदान की। साथ ही सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरणा, अनुशासन, समर्पण, निरंतर सीखने, मन की शांति, शारीरिक भाषा और आत्मविश्वास के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
अवसर पर सभी कॉलेजों को छात्रों की शत-प्रतिशत सफलता के लिए उपस्थिति, ध्यान, सम्मान, नवाचार, अनुशासन और समर्पण पर ध्यान केंद्रित करते हुए 21 दिवसीय विकास कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



