26 मार्च से दर्शकों के बिना होगा पीएसएल : पीसीबी प्रमुख नकवी

Ad

नई दिल्ली, पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 का आगाज 26 मार्च से होने जा रहा है, लेकिन इस बार टूर्नामेंट बदले हुए हालात में खेला जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक, वेस्ट एशिया में जारी तनाव को देखते हुए सभी मुकाबले बिना दर्शकों के खाली स्टेडियम में खेले जाएंगे। इसके साथ ही टूर्नामेंट के वेन्यू में भी बदलाव किया गया है।

पहले टूर्नामेंट को छह शहरों में कराने की योजना थी, लेकिन अब टूर्नामेंट को सिर्फ लाहौर और कराची तक सीमित कर दिया गया है। अब टूर्नामेंट के सभी मुकाबले सिर्फ लाहौर और कराची में ही होंगे। इसके अलावा लाहौर में होने वाली ओपनिंग सेरेमनी को भी रद्द कर दिया गया है। PSL 26 मार्च से शुरू होगा और इसका फाइनल 3 मई को खेला जाएगा

मोहसीन नकवी ने क्या कहा

रिपोर्ट के अनुसार, PCB के प्रमुख मोहसिन नकवी ने ये संकेत दिया है कि टूर्नामेंट के बाद के मुकाबलों में दर्शकों को स्टेडियम में आने की अनुमति दी जा सकती है। लेकिन यह पूरी तरह ईरान में चल रहे संकट के खत्म होने पर निर्भर करेगा। ESPNcricinfo की रिपोर्ट के मुताबिकस PCB के प्रमुख मोहसिन नकवी ने कहा, “प्रधानमंत्री ने फ्यूल की कमी को देखते हुए लोगों से अपनी आवाजाही कम करने की अपील की है। हमने स्कूल बंद कर दिए हैं, वर्क फ्रॉम होम लागू कर दिया है और ईद की छुट्टियां भी बढ़ा दी हैं। हमें यह नहीं पता कि यह संघर्ष कब तक चलेगा।”

बिना दर्शकों के खेला जाएगा मैच

नकवी ने आगे कहा, “इन सभी हालात को देखते हुए और सुरक्षा एजेंसियों से चर्चा के बाद हमने फैसला किया है कि PSL अपने तय शेड्यूल के अनुसार ही जारी रहेगा। लेकिन हम लोगों से ये नहीं कह सकते कि वे अपनी आवाजाही कम रखें और दूसरी तरफ हर दिन स्टेडियम में 30,000 दर्शक मौजूद हों। इसलिए जब तक यह संकट जारी रहेगा, मैच बिना दर्शकों के खेले जाएंगे। यह फैसला आसान नहीं था, लेकिन जरूरी था। साथ ही, ओपनिंग सेरेमनी को भी रद्द कर दिया गया है।”

मोहसिन नकवी ने कहा कि खाली स्टेडियम से होने वाले नुकसान की भरपाई बोर्ड करेगा और टिकट खरीदने वालों को पूरा रिफंड दिया जाएगा। उन्होंने उन शहरों से माफी भी मांगी जहां मैच नहीं होंगे और कहा कि फिलहाल संसाधन बचाने के लिए यात्रा कम रखना जरूरी है।

लीग छोड़ने वाले खिलाड़ियों पर होगा एक्शन

मोहसिन नकवी ने यह भी कहा कि जो खिलाड़ी आखिरी समय में PSL छोड़कर IPL में शामिल हो रहे हैं, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है, क्योंकि दोनों लीग्स एक ही समय पर हो रही हैं। ब्लेसिंग मुजरबानी पहले ही IPL कॉन्ट्रैक्ट मिलने के बाद PSL से हट चुके हैं, जबकि दासुन शनाका के बारे में भी माना जा रहा है कि उन्होंने IPL ऑफर के चलते लीग छोड़ी है। इसके अलावा गुडाकेश मोटी, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, ओटनील बार्टमैन और स्पेंसर जॉनसन जैसे कुछ और खिलाड़ियों ने भी टूर्नामेंट से नाम वापस लिया है, हालांकि इनमें से ज्यादातर ने निजी कारणों का हवाला दिया है।

तय समय पर होगा पीएसएल

नकवी ने कहा, “हम नियमों के अनुसार उन खिलाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। पिछले साल भी ऐसा मामला सामने आया था, और इस बार भी उसी तरह कदम उठाए जाएंगे। IPL से टकराव कोई बड़ी समस्या नहीं है, क्योंकि अगर कुछ खिलाड़ी वहां जा रहे हैं तो हमारे पास भी अच्छे खिलाड़ी आ रहे हैं। हम PSL को आगे नहीं बढ़ा सकते थे, क्योंकि पूरे साल में हमारे पास कोई और समय नहीं है।”(भाषा) 

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Ad

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button