तेलंगाना में बनेगा जन सूचना पोर्टल, पारदर्शिता को मिलेगा बढ़ावा

हैदराबाद, सरकारी योजनाओं तथा विभिन्न सेवाओं की जानकारी डिजिटल माध्यमों से लोगों तक पहुंचाने के लिए राजस्थान की तर्ज पर तेलंगाना सरकार जन सूचना पोर्टल बनाने पर विचार कर रही है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता निखिल डे के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने तेलंगाना विधान परिषद के कॉन्फ्रेंस हॉल में मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी से मुलाकात की। इस दौरान निखिल डे ने तेलंगाना में जनहित सरकार द्वारा लागू किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की सराहना की। बैठक में वर्तमान में राज्य स्तर पर चल रहे ‘प्रजा वाणी’ कार्यक्रम को राजस्व डिवीजन स्तर तक विस्तार करने पर विचार-विमर्श किया गया। इस संबंध में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
तेलंगाना में भी ‘प्रजा सूचना पोर्टल’ स्थापित करने पर चर्चा हुई
राजस्थान सरकार के जन सूचना पोर्टल की तर्ज पर तेलंगाना में भी ‘प्रजा सूचना पोर्टल’ स्थापित करने पर चर्चा हुई। इस पोर्टल के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा चलाए जा रहे सभी योजनाओं तथा सरकारी सेवाओं का विवरण एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस पोर्टल को आईटी विभाग के माध्यम से विकसित किया जाए। निखिल डे ने तेलंगाना के गिग वर्कर्स बिल की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह देश में एक ऐतिहासिक पहल साबित होगी। बैठक में प्लानिंग बोर्ड के उपाध्यक्ष चिन्ना रेड्डी, मुख्य सचिव के. रामकृष्ण राव, वरिष्ठ अधिकारी दाना किशोर, वी. शेषाद्रि, बी. अजित रेड्डी, माणिक राज, दिव्य देवराजन, वेमुला श्रीनिवासुलु एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



