पंजाब : होशियारपुर में मेडिकल स्टोर मालिक पर गोलीबारी
होशियारपुर, पंजाब के होशियारपुर में मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात हमलावरों ने एक मेडिकल स्टोर के मालिक पर कथित रूप से गोली चला दी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि हमलावरों द्वारा चलाई गई गोली पीड़ित के पेट के दाहिने हिस्से में लगी। उन्होंने बताया कि गढ़शंकर-चंडीगढ़ मार्ग पर अड्डा समुंद्रा इलाके में बुधवार रात यह घटना हुयी। उन्होंने बताया कि इलाके में एक मेडिकल स्टोर के मालिक तरसेम लाल दुकान बंद कर रहे थे, इसी दौरान मोटरसाइकिल पर आए दो नकाबपोश लोगों ने कथित तौर पर उन पर गोली चला दी।
पुलिस ने बताया कि तरसेम को पहले गढ़शंकर के सिविल अस्पताल ले जाया गया और बाद में नवांशहर के एक निजी अस्पताल में भेज दिया गया, जहां वह उपचाराधीन हैं। पुलिस के अनुसार, तरसेम लाल ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और उसे किसी तरह की जबरन वसूली की धमकी नहीं मिली थी।
यह भी पढे़: लखनऊ के मॉल में गोलीबारी, महिला समेत चार गिरफ्तार
पुलिस उपाधीक्षक (गढ़शंकर) दलजीत सिंह खख ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 (हत्या का प्रयास) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और आरोपियों को पकड़ने के लिए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



