दिल्ली में नस्लीय टिप्पणी मामला : महिला आरोपी गिरफ्तार
नयी दिल्ली, दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में पूर्वोत्तर की तीन महिलाओं के साथ कथित नस्लीय दुर्व्यवहार और अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मालवीय नगर थाने में दर्ज प्राथमिकी की जांच के बाद रूबी जैन को हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार, 20 फरवरी को किराए के मकान में मरम्मत कार्य को लेकर हुए विवाद के दौरान जैन ने अरुणाचल प्रदेश की तीन महिलाओं के खिलाफ कथित रूप से अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। पुलिस ने इस मामले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम को भी प्राथमिकी में शामिल किया है।
प्रारंभिक रूप से मामला भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया था, जिनमें आपराधिक धमकी, महिला की गरिमा का अपमान और विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य फैलाने से संबंधित आरोप शामिल हैं। पुलिस ने एक बयान में कहा कि एससी-एसटी अधिनियम जोड़े जाने के बाद अब जांच एसीपी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है और वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में की जा रही है।
यह भी पढ़े: ओणम उत्सव के बारे में घृणास्पद टिप्पणी करने वाली शिक्षिका के खिलाफ मामला दर्ज
प्राथमिकी में नामजद एक पुरुष आरोपी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, झगड़े के दौरान नस्लीय टिप्पणी किए जाने के संकेत वीडियो रिकॉर्डिंग और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों की जांच के बाद मिले, जिसके आधार पर गिरफ्तारी की गई। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



