मिलावटी अदरक-लहसुन का पेस्ट बनाने वाली फैक्ट्री पर छापा, लाखों की सामग्री जब्त
हैदराबाद, नगर पुलिस आयुक्त की शमशाबाद ज़ोन टास्क फोर्स व पहाड़ी शरीफ पुलिस ने मिलावटी अदरक-लहसुन तैयार करने वाली फैक्ट्री पर छापेमारी करते हुए भारी मात्रा में सामग्री ज़ब्त की।
नगर पुलिस आयुक्त वी.सी.सज्जनार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि विश्वस्त सूत्रों के जरिए जानकारी मिलने के बाद जलपल्ली स्थित वादी ए मुस्तफा नगर में एस.के. रॉयल इंटरप्राइजेस व शाही गोल्ड कंपनी में छापेमारी करते हुए अब्दुल सत्तार (45), बालापुर के मोहम्मद इजरायल (21), मोहम्मद इफ्तिखार (18) व नूर नबी (19) को मिलावटी अदरक-लहसुन का पेस्ट तैयार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास एफएसएसएआई का प्रमाण भी नहीं था।
यह भी पढ़ें… संगारेड्डी एनएच-65 पर भीषण सड़क हादसा, 20 घायल
अवैध फैक्ट्री में बन रहा था मिलावटी अदरक-लहसुन पेस्ट
वे अवैध रूप से पेस्ट तैयार कर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहे थे। उन्होंने बताया कि आरोपी भारी मात्रा में पेस्ट तैयार करने के बाद 250 ग्राम से लेकर 2 किलो तक के डिब्बों में भरकर थोक में आपूर्ति कर रहे थे, जिसके बाद यह स्थानीय किराणा स्टोरों के माध्यम से लोगों के घरों में पहुंच रहा था।
छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से अजंता लेमन येलो फूड कलर के 4 बॉक्स (प्रत्येक 500 ग्राम), हल्दी का 250 ग्राम का बॉक्स, साइट्रिक एसिड पाउडर लगभग आधा किलो, 5-5 किलो के कई पैक वाले 16 कार्टून, 5 किलो के 68 डिब्बों में भरा पेस्ट (करीब 340 किलो),159 पैक्ड बॉक्स (8 कार्टन में, प्रत्येक में 30 पैकेट), आधा किलो पैक वाले 7 कार्टन (प्रत्येक में 46 पैकेट), 12 बड़े टब, प्रत्येक में लगभग 50 किलो पेस्ट, एसके रॉयल इंटरप्राइजेस के 500 लेबल, शाही गोल्ड ब्रांड के 100 लेबल, एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, 5 पैकिंग टेप रोल, एक ग्राइंडिंग मशीन और एक मिक्सिंग मशीन, 25-25 किलो के लहसुन के 20 बैग, 50-50 किलो के नमक के 5 बैगों को जब्त किया गया। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



